राहुल गांधी ने संसद में लखीमपुर कांड को लेकर रखा प्रस्ताव- मंत्री अजय मिश्रा को हटाने की मांग
नई दिल्ली। संसद सत्र के दौरान लोकसभा में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्रा को हटाने की मांग उठी। लखीमपुर खीरी कांड को लेकर सोनिया गांधी के बेटे व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने स्थगन प्रस्ताव पेश किया। राहुल की ओर से अजय कुमार मिश्रा को मंत्री पद से बर्खास्त करने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि, उनका बेटा लखीमपुर खीरी कांड का गुनहगार है।

मोदीजी फिर से माफी मांगने का टाइम आ गया
संसद में प्रस्ताव रखने से पहले राहुल गांधी ने कहा- "मोदी जी फिर से माफी मांगने का टाइम आ गया है, लेकिन पहले अभियुक्त के पिता को मंत्री पद से हटाएं।" वहीं, राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी ने भी मोदी सरकार के मंत्री को आड़े हाथों लिया। प्रियंका बोलीं, "ये जांच होनी चाहिए कि इस साजिश में गृह राज्यमंत्री की क्या भूमिका थी?"
प्रियंका बोलीं- मंत्री की भूमिका की जांच हो
कांग्रेस महासचिव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवाल उठाते हुए कहा कि, किसान विरोधी मानसिकता के चलते अभी तक मंत्री का इस्तीफा नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि, लखीमपुरखीरी कांड में मंत्री की भूमिका भी नजर आ रही है। वे अपने बेटे को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।"
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी कांग्रेस नेताओं का पक्ष लेते मंत्री का इस्तीफा मांगा है। अभी जौनपुर में अखिलेश यादव ने कहा कि, जांच एजेंसी की जांच के बाद सच्चाई सामने है। बीजेपी को अपने गृह राज्य मंत्री का इस्तीफा ले लेना चाहिए और दोषियों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई करनी चाहिए। सपा नेता बोले कि, यूपी की जनता जानना चाहती है कि जो बुलडोजर माफियाओं और अपराधियों पर चलते थे क्या वही बुलडोजर लखीमपुर पहुंचेगा? अखिलेश बोले कि, उत्तर प्रदश में भाजपा ने किसानों को हासिए पर ला दिया। किसानों को उन्होंने बहुत दर्द दिया है।
इस तरह किया था मंत्री ने अपने बेटे का बचाव
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा अपने आरोपी बेटे का बचाव कर रहे हैं। एसआईटी की रिपोर्ट सामने आने से पहले मंत्री ने कहा था- मेरा बेटा मौके पर नहीं था, साबित हुआ तो इस्तीफा दे दूंगा...। मगर, आरोपी आशीष कोर्ट में पेश हुआ और जांच चली। उसके बाद एसआईटी ने उसे इरादतन हत्या का दोषी माना। यह भी कहा कि, उस पर हत्या का मुकदमा चले।












Click it and Unblock the Notifications