दिल्ली में छठ महापर्व की तैयारियां शुरू, CM आतिशी ने दिए 1000 'मॉडल छठ घाट' तैयार करने के निर्देश
Chhath Puja 2024: दिल्ली की आतिशी सरकार ने छठ महापर्व को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री आतिशी ने सोमवार को छठ पर्व को लेकर सभी जिलों के डीएम के साथ एक हाई लेवल मीटिंग की। इस क्रम में सीएम आतिशी ने कहा कि इस साल दिल्ली में 1 हजार से अधिक छठ घाट तैयार किए जाएंगे, ताकि छठ व्रती महिलाएं अपने घर के पास ही छठी मईया की उपासना कर सकें। भक्तों की सुविधा के लिए हर विधानसभा में एक बड़ा मॉडल छठ घाट भी बनाया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा त्यौहार है, इसलिए तैयारियों में किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए। साथ ही अफसरों से छठ पूजा समितियों से विचार-विमर्श कर उनके सुझावों को ध्यान में रखते हुए घाटों पर लाइट, साफ पानी, शौचालय, टेंट, सुरक्षा आदि का उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। बता दें कि छठ पर्व को लेकर दिल्ली सरकार तैयारियों में कोई कमी नहीं रहने देना चाहती है। हर साल दिल्ली सरकार की ओर से प्रबंध किए जाते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी छठ पर्व के दौरान विशेष बैठक करते थे और खुद छठ घाटों का निरीक्षण भी करते थे।

सीएम ने अधिकारियों से कहा कि अभी से ही तैयारियां शुरू कर दें, ताकि कोई कमी न रह जाए। जिलाधिकारी अपने इलाके में तैयारियों का जायजा लेना शुरू कर दें साथ ही घाटों का निरीक्षण कर जल्द से जल्द साफ सफाई करवाएं।
दिल्ली सरकार इस साल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर विधानसभा में एक बड़ा और मॉडल छठ घाट तैयार करवायेगी, जहां सरकार द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी करवाया जाएगा। श्रद्धालुओं और पूजा समितियों के आधार पर ही घाटों के सजावट, साफ-सफाई, पानी और बैठने आदि की व्यवस्था की जाएगी। दिल्ली सरकार के मंत्री भी अपने अपने क्षेत्रों में जायजा लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications