बीमार पत्नी से मिलने जेल से घर पहुंचे मनीष सिसोदिया, कोर्ट ने 6 घंटे की दी है अनुमति
Manish Sisodia News: राउज एवेन्यू कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद दिल्ली पुलिस शनिवार 11 नवंबर को आप नेता और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को उनकी बीमार पत्नी से मिलवाने के लाई है। मनीष सिसोदिया अपनी बीमार पत्नी से उस परिसर में मिल रहे हैं, जो अब अधिकारिक तौर पर दिल्ली की मंत्री आतिशी को आवंटित किया गया है।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, यह परिसर पहले मनीष सिसोदिया को आवंटित किया गया था। यहीं पर मनीष सिसोदिया अपनी बीमार पत्नी से सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मिल सकते है। क्योंकि, राउज एवेन्यू कोर्ट ने मनीष सिसोदिया को अपनी बीमार पत्नी से मिलने के लिए 6 घंटे की इजाजत दी थी।

बता दें कि यह मुलाकात पुलिस के पहरे में होगी और इस दौरान सिसोदिया मीडिया से बातचीत नहीं कर सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मनीष सिसोदिया ने गुरुवार को एक अर्जी देकर पांच दिनों की अवधि के लिए अपनी पत्नी से मिलने की इजाजत मांगी थी। उन्होंने कोर्ट को बताया था कि उनकी पत्नी सीमा ऑटोइम्यून डिसऑर्डर और मल्टीपल स्केलेरोसिस से पीड़ित हैं।
उनकी अर्जी पर विशेष न्यायाधीश एम के नागपाल ने सुनवाई की थी। सुनवाई के बाद स्पेशल जज एमके नागपाल ने सिसोदिया को पुलिस हिरासत में शनिवार 10 बजे से शाम 4 बजे के बीच अपनी बीमार पत्नी से मिलने की इजाजत दे दी। राउज एवेन्यू कोर्ट ने मनीष सिसोदिया के मीडिया से बातचीत न करने और राजनीतिक भागीदारी नहीं करने की शर्त के साथ मिलने की इजाजत दी है।
बता दें कि कोर्ट दिल्ली एक्साइज पॉलिसी से जुड़े सीबीआई और ईडी के मामलों की सुनवाई कर रही है। पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया सीबीआई के साथ-साथ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भी आरोपी हैं। दोनों मामलों में सिसोदिया और अन्य आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications