Delhi Election: चुनाव चिन्ह जूता, चुनाव लड़ रहे कॉन्स्टेबल पंकज ने कहा- 'अगर हारूंगा, तो ड्यूटी पर लौटूंगा'
New Delhi Vidhansabha Seat: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो चुका है। वोटिंग शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। दिल्ली के 70 विधानसभा सीटों पर कुल 13,766 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।
इस बार 699 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी, जिनमें 96 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। सबसे ज्यादा उम्मीदवार नई दिल्ली विधानसभा सीट पर हैं, जहां कुल 23 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं। उनके खिलाफ भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को उतारा है।

इसके अलावा, कस्तूरबा नगर और पटेल नगर सीटों पर सबसे कम उम्मीदवार हैं, जहां केवल 5-5 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
नई दिल्ली विधानसभा सीट पर पंकज का जोरदार दावा
नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से कॉन्स्टेबल और निर्दलीय उम्मीदवार पंकज ने चुनाव प्रचार के दौरान कहा, "मैं दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल हूं और यह चुनाव एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में लड़ रहा हूं। मेरा चुनाव चिन्ह जूता है, जो सभी भ्रष्ट लोगों के लिए एक मजबूत संदेश है। यह दिन लोकतंत्र के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। अगर मैं जीतूंगा, तो विधानसभा जाऊंगा, और अगर हारूंगा, तो अपनी ड्यूटी पर लौटूंगा।"
पंकज ने आगे कहा, "मैं पिछले 40 वर्षों से दिल्ली में रह रहा हूं और पिछले 22 वर्षों से दिल्ली पुलिस में सेवा दे रहा हूं। मुझे दिल्ली की जनता की समस्याओं और चुनौतियों का पूरा ज्ञान है। मैं जनता के लिए काम करूंगा और उनके मुद्दों का समाधान करूंगा।"
इन सीटों पर रहेगी सबकी नजर
नई दिल्ली के अलावा, कालकाजी सीट पर भी सबकी निगाहें रहेंगी। यहां से मुख्यमंत्री आतिशी आम आदमी पार्टी के टिकट पर मैदान में हैं, जबकि भाजपा ने रमेश बिधुड़ी और कांग्रेस ने अलका लांबा को अपना उम्मीदवार बनाया है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में कुल 13,766 पोलिंग स्टेशन पर वोट डाले जाएंगे, और सभी की नजर इन प्रमुख सीटों पर बनी रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications