दिल्ली में निर्भया कांड के बाद एक बार फिर एकजुट हुई छात्र शक्ति, पूछ रहे-आखिर क्यों सो रही थी सरकार?
निर्भया कांड के बाद एक बार फिर दिल्ली की सड़कों पर छात्र शक्ति एकजुट हुई है। हाल ही में घटी एक और दर्दनाक घटना ने राजधानी को झकझोर कर रख दिया है। दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में अचानक कोचिंग बेसमेंट में पानी भर जाने से तीन स्टूडेंट्स की मौत हो गई। इस घटना के विरोध में हजारों छात्रों ने सड़कों पर उतरकर अपनी आवाज बुलंद की है।
छात्र सरकार से सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर क्यों इस प्रकार की घटनाओं को रोकने में वे असफल हो रही है? निर्भया कांड ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था और कड़े कानूनों की मांग उठी थी। तीन छात्रों मौत से एक बार फिर वैसा ही आक्रोश छात्रों में देखने को मिल रहा है।

राऊ आईएएस स्टडी सर्कल के बाढ़ वाले बेसमेंट में तीन यूपीएससी अभ्यर्थियों की मौत को लेकर दिल्ली के पुराने राजेंद्र नगर इलाके में छात्रों का बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन जारी है। रविवार को, एक स्थानीय कोचिंग सेंटर में तीन सिविल सेवा अभ्यर्थियों की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और उनके परिवारों के लिए मुआवजे की मांग को लेकर ओल्ड राजिंदर नगर में विरोध प्रदर्शन करने के बाद कई छात्रों को हिरासत में लिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने "हमें न्याय चाहिए" के नारे लगाते हुए करोल बाग मेट्रो स्टेशन के पास सड़क को जाम कर दिया, जिससे महत्वपूर्ण यातायात बाधित हुआ और पुलिस को प्रतिक्रिया करनी पड़ी। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प के परिणामस्वरूप कई लोगों को हिरासत में लिया गया, जिन्हें एक बस में ले जाया गया।
बाद में कई प्रदर्शनकारी तितर-बितर हो गए, जिससे पुलिस को यातायात बहाल करने में मदद मिली। अधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन पर नज़र रखने के लिए बॉडी कैमरे और ड्रोन का इस्तेमाल किया।
छात्रों लगातार ये सवाल उठा रहे हैं कि जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं हो जाता सरकार की नींद क्यों नहीं खुलती? ओल्ड राजेंद्र नगर में रहकर तैयारी करने वाले एक अभ्यर्थी का कहना है, "जब कमर तक पानी सड़कों पर्व था तब ना प्रशासन आई ना ही कोई राजनीतिक पार्टी, आज सभी सहानुभूति दिखाने रहे हैं। हमें न्याय चाहिए, इस घटना का राजनीतिकरण नहीं।"
वहीं, एक और अभ्यर्थी ने कहा कि इस हादसे में सरासर सरकार की लापरवाही है। छात्रों का कहना है, "बिल्डिंग एक दिन में नहीं बनती, आपने बेसमेंट की परमिशन कैसे दी और अगर गलत तरीके से इसका इस्तेमाल किया जा रहा था तो आपने एक्शन क्यों नहीं लिया? क्यों आपको नींद से जगाने के लिए किसी की मौत की जरूरत होती है?"
बताते चलें, कुछ दिनों पहले, इसी इलाके में बारिश के जमा पानी में बिजली का तार गिरने और उसकी चपेट में आने से एक अभ्यर्थी की मौत हो गई थी। दिल्ली के सभी छात्रों में इन घटनाओं को लेकर आक्रोश है और सड़कों पर उतर कर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications