New Year Weather Update: दिल्ली-NCR में कड़ाके की सर्दी, UP में कोहरे का कहर! जानें अन्य राज्यों का हाल?
New Year Weather Update: नए साल का आगाज कड़ाके की ठंड और कोहरे के साथ हुआ। दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों सर्दी ने अपना जोर दिखा दिया है। तेज हवाओं और शीतलहर के साथ-साथ आसमान से गिरती ओस ने लोगों को कांपने पर मजबूर कर दिया है। सड़कों पर लोग ठंड से ठिठुरते नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि ठंड से राहत मिलने में अभी वक्त लगेगा।
Recommended Video
दिल्ली मौसम केंद्र के अनुसार, जनवरी महीने की पहली तारीख यानी बुधवार (1 जनवरी 2025) से शीतलहर का असर और तेज होने वाला है। 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली ठंडी हवाएं तापमान को और गिरा देंगी। हालांकि, येलो अलर्ट अब हटा लिया गया है, लेकिन ठंड का असर अभी भी बरकरार रहेगा।

दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुड़गांव में दिन का अधिकतम तापमान 16-17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8-9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि 6 जनवरी तक मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
उत्तर प्रदेश में ठंड का कहर
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ठंडी हवाओं और कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई जिलों में दिन के समय भी शीतलहर का असर देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बुलंदशहर में सबसे कम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजस्थान में शीतलहर और कोहरे का असर
राजस्थान में भी सर्दी ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है। जयपुर सहित प्रदेश के 11 जिलों में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर में रात के समय विजिबिलिटी 10 मीटर तक सीमित हो गई, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीण इलाकों में घने कोहरे और बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है। आमजन, बच्चे और बुजुर्ग अलाव का सहारा लेकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications