PWD मंत्री ने अधिकारियों की लगाई क्लास, 15 दिनों के अंदर दिल्ली की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का निर्देश
दिल्ली में सड़कों की बदहाल स्थिति किसी से छिपी नहीं है। इसे लेकर दिल्ली सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री आतिशी ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए पीडब्ल्यूडी के प्रधान सचिव को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र के जरिए इस साल के अंत तक यानी की अगले 15 दिनों में दिल्ली की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का निर्देश दिया है। साथ-ही-साथ उन्होंने इस कार्य के प्रगति की दैनिक रिपोर्ट भी देने को कहा है।
आतिशी ने पीडब्ल्यूडी के प्रधान सचिव को लिखे पत्र में 31 दिसंबर तक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सभी सड़कों के गड्ढों को ठीक करने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने साफ तौर पर निर्देश दिया है कि यदि कही आवश्यक हो वहां सड़कों का पुनर्निर्माण करवाया जाए। रिकंस्ट्रक्शन का यह कार्य एक जनवरी 2024 से 22 फरवरी 2024 तक पूरा कर लिया जाना चाहिए। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी मंत्री ने पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि इन कार्यों को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा किया जाए। यदि इसमें कोई अधिकारी किसी प्रकार की लापरवाही करता है तो उसके विरुद्ध एक्शन लिया जाए।

पीडब्ल्यूडी मंत्री आतिशी ने पत्र में लिखा,''मैं पिछले छह माह से पीडब्ल्यूडी को इस संबंध में निर्देश दे रही हूं, फिर भी पीडब्ल्यूडी ने कोई कार्रवाई नहीं की। मैंने कम से कम 10 मीटिंग भी की है और कई जमीनी दौरे किए हैं।" उन्होंने आगे लिखा, "सड़कों के गड्ढों के कारण दुर्घटनाएं हो सकती है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की ढिलाई और उदासीनता के कारण दिल्लीवासियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।"
खराब सड़कों के कारण जनता को हो रही परेशानी
सड़कों में पड़े गड्ढों की वजह से जनता को काफी परेशानी होती है। सड़कों की खराब स्थति के कारण वाहनों की रफ्तार थम जाती है। इस कारण जाम की समस्या भी उत्पन्न होती है। ट्रैफिक में फंसे धुआं उगलते वाहनों की वजह से वायु प्रदूषण भी होता है। दिल्ली में अभी प्रदूषण एक बड़ी समस्या है। टूटी सड़कों की वजह से एक्सीडेंट का खतरा भी बना रहता है।












Click it and Unblock the Notifications