दिल्ली ऑक्सीजन रैकेट: आरोपी कालरा के वकील ने कोर्ट में लिया सलमान खान का नाम, दिखाए ये सबूत
नई दिल्ली, मई 20: ऑक्सिजन कॉन्सेंट्रेटर की कालाबाजारी करने के मामले में गिरफ्तार किए गए नवनीत कालरा की गुरुवार को कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान नवनीत कालरा के वकीलों ने अभिनेता सलमान खान को भी घसीट लिया। वकीलों ने साक्ष्य के तौर पर सलमान खान का एक ट्वीट पेश किया। उन्होंने अदालत को बताया कि कालरा को ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर के लिए 'पोस्टर बॉय' बनाया गया था, जबकि जीवन रक्षक उपकरणों के आयातकों को जमानत पर रिहा कर दिया गया था।

दिखाया सलमान का ट्वीट
कालरा के वकील विनीत मल्होत्रा ने बेचे जा रहे कॉन्सेंट्रेटर की क्वालिटी के संबंध में अदालत को बॉलीवुड एक्टर सलमान खान का एक ट्वीट दिखाया। विनीत मल्होत्रा ने कहा कि, स्पाइसजेट ने ऐसी 50,000 मशीनें इंपोर्ट की हैं। सलमान खान के ट्विटर हैंडल पर ऑक्सीजन कंसंटेटर्स की तस्वीर है। सरकार ऑक्सीजनकॉन्सेंट्रेटर के आयात की अनुमति दे रही है। कल उन्हें (सलमान खान को) 500 मशीनें मिलीं। नवनीत कालरा को ये मशीनें जमानत पर छूटे आयातकों से मिली थीं। वे उसे पोस्टर बॉय बनाना चाहते हैं।

वकील का दावा सलमान ने मंगवाएं हैं ऐसे कॉन्सेंट्रेटर
कालरा के वकील ने दावा किया कि, इसी क्वालिटी के ऑक्सिजन कॉन्सेंट्रेटर अभिनेता ने भी इम्पोर्ट किए हैं। लेकिन एक ही व्यक्ति को पुलिस निशाना बनाते हुए पोस्टर बनाकर पेश कर रही है। मल्होत्रा ने अदालत को बताया कि कालरा ने पुलिस अधिकारियों और न्यायिक अधिकारियों को भी उपकरण बेचे थे। अतिरिक्त लोक अभियोजक अतुल श्रीवास्तव ने अदालत को बताया, "सलमान खान ने मुफ्त में वितरण किया। उसने कोई पैसा नहीं कमाया है। ऐसे में चैरिटी और लालच में फर्क होता है।

पुलिस 23 बैंकों से निकाल रही है डीटेल
अतिरिक्त लोक अभियोजक ने कहा कि, नवनीत कालरा ने ऊंचे दामों पर लोगों को बेचा है और इसकी कालाबाजारी की है, जबकि सलमान खान ने लोगों की मदद करने के लिए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर फ्री में दिए हैं। श्रीवास्तव ने अदालत को यह भी बताया कि पुलिस कालरा को उन लोगों के ब्योरे के साथ सामना करना चाहती है, जिन्हें उसने ऑक्सीजन कंसंटेटर बेचे थे। दिल्ली पुलिस ने साकेत कोर्ट को बताया कि 23 बैंक के जरिये पैसों का ट्रांसजेंक्शन हुआ है और 516 लोगों को नवनीत कालरा ने ऑक्सीजन कंसंट्रेटर बेचे हैं।

फोन की जांच करने में जुटी पुलिस
पुलिस ने कहा कि, अब तक 6-7 बैंकों ने पुलिस द्वारा जारी नोटिस का जवाब दिया है। ये बैंक खाते विशाल हैं। हम उसके चार्टर्ड अकाउंटेंट से भी पूछताछ कर रहे हैं। इसमें बड़े स्तर पर पैसों का लेनदेन हुआ है, जिसकी जांच करनी जरूरी है। पुलिस ने कहा कि नवनीत कालरा की मैदानगढ़ी पुलिस ने गिरफ्तारी की थी और उस वक्त फोन जब्त किया जा चुका है, लेकिन उनको रिलीज कराने के लिए कोर्ट में हमने अर्जी लगाई है और फोन रिलीज के बाद हम इस मामले में फोन से जुड़े ट्रांजेंक्शन की जांच पड़ताल करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications