लोकसभा चुनाव के बाद टूट जाएगा AAP-कांग्रेस का गठबंधन? अरविंद केजरीवाल ने दिए भविष्य के संकेत
Arvind keriwal on india alliance: इंडिया गठबंधन में शामिल आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल में गठबंधन के भविष्य को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि , कांग्रेस के साथ आप का गठबंधन स्थाई नहीं है। दोनों पार्टियां लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए साथ आई हैं।
इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि 4 जून को चौंकाने वाले नतीजों का इंतजार है। विपक्षी गठबंधन 'इंडिया ब्लॉक' लोकसभा चुनाव जीतेगा। आपको बता दें कि, दिल्ली में आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन है, जबकि पड़ोसी राज्य पंजाब में दोनों पार्टियां एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।

'हमने कोई शादी थोड़ी की है'
टीवी इंटरव्यू के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, हमने कोई शादी थोड़ी की है। हमारी कोई मैरिज नहीं हुई है। अरैंज मैरिज नहीं हुई है। लव मैरिज नहीं हुई है। हम लोग देश बचाने के लिए 4 जून तक चुनाव लड़ने के लिए साथ आए हैं। हमारा लक्ष्य फिलहाल भाजपा को हराना और मौजूदा शासन की तानाशाही और गुंडागर्दी को खत्म करना है।
उन्होंने कहा, देश को बचाना महत्वपूर्ण है। भाजपा को हराने के लिए जहां भी गठबंधन की जरूरत थी, आप और कांग्रेस एक साथ आए और एक उम्मीदवार खड़ा किया। पंजाब में भाजपा का कोई अस्तित्व नहीं है।
सीएम पद से इस्तीफा देने पर ये बोले केजरीवाल
गिरफ्तारी के बाद इस्तीफा देने के सवाल पर आप प्रमुख ने कहा कि वह डरने वाले नहीं हैं और दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का सवाल ही नहीं उठता। मेरा वापस जेल जाना कोई मुद्दा नहीं है। इस देश का भविष्य दांव पर है... वे मुझे जब तक चाहें जेल में रखें, मैं डरने वाला नहीं हूं। बीजेपी ऐसा चाहती है, इसलिए दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का कोई सवाल ही नहीं है।
बता दें कि, अंतरिम जमानत पर बाहर आए केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार 2 जून को जेल अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण करना होगा। आप सुप्रीमो को लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए अंतरिम जमानत दी गई थी।
क्या बोले स्वाति मालीवाल के मुद्दे पर केजरीवाल-
अरविंद केजरीवाल ने आप की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से जुड़े कथित मारपीट मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, क्योंकि मामला अदालत में है। केजरीवाल ने कहा, एक पक्ष इनका है और दूसरा पक्ष विभव का है। मुझे लगता है कि कोर्ट को विचार करके न्याय देना चाहिए। अभी तक विभव के ऊपर सिर्फ आरोप हैं। ये आरोप साबित नहीं हुए हैं।
योगी आदित्यनाथ को लेकर केजरीवाल ने फिर किया दावा
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को हटाए जाने को लेकर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, अगर बीजेपी सत्ता में लौटी तो प्रधानमंत्री जल्द ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का राजनीतिक करियर खत्म कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, मैं अपने रुख पर कायम हूं कि अगर पीएम मोदी जीतते हैं तो योगी आदित्यनाथ का भविष्य संदेह के घेरे में होगा।












Click it and Unblock the Notifications