₹300 करोड़ की सौगात से बदलेगा Karawal Nagar! सड़क, बस,अस्पताल से मुफ्त गैस तक, दिल्ली सरकार का डेवलपमेंट प्लान
Delhi Karawal Nagar Development: दिल्ली सरकार ने करावल नगर विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास की बड़ी सौगात दी है। दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि अब तक करीब ₹300 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी दी जा चुकी है।
इन योजनाओं का मकसद इलाके की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों की रोजमर्रा की परेशानियों को खत्म करना है। सरकार का साफ लक्ष्य है कि करावल नगर को एक आधुनिक और सुविधाजनक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाए।

सड़कों का जाल बदलेगा इलाके की तस्वीर
04 फरवरी को मंत्री कपिल मिश्रा ने कालिघाटा 20-फूटा रोड और उससे जुड़ी कई गलियों के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आने वाले एक महीने के भीतर 28-फूटा रोड पर भी काम शुरू हो जाएगा।
इसके अलावा खजूरी से भजनपुरा, दयालपुर, करावल नगर और शिव विहार को जोड़ने वाली मुख्य सड़क के चौड़ीकरण और निर्माण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी। इन परियोजनाओं से ट्रैफिक की समस्या कम होगी और आवाजाही पहले से कहीं आसान हो जाएगी।
इलाके में मजबूत होगा स्वास्थ्य ढांचा
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी सरकार ने बड़ा प्लान तैयार किया है। मंत्री ने बताया कि करावल नगर विधानसभा क्षेत्र में कुल 12 आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए जाने हैं। इनमें से तीन का उद्घाटन पहले ही हो चुका है। बाकी केंद्रों के शुरू होने से स्थानीय लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मोहल्ले में ही मिल सकेंगी।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट में तीन गुना बढ़ोतरी
करावल नगर के लोगों को जल्द ही बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा मिलने वाली है। मंत्री के मुताबिक इलाके में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को तीन गुना तक बढ़ाया जाएगा। करावल नगर डिपो, भगत सिंह कॉलोनी और चौहान पट्टी से नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इससे प्रदूषण कम होगा और लोगों को सस्ता और सुविधाजनक सफर मिलेगा।
पहली अटल कैंटीन और सीवर प्रोजेक्ट पर जोर
गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए करावल नगर में पहली अटल कैंटीन शुरू की जाएगी। मंत्री ने कहा कि 20 फरवरी से पहले यह कैंटीन चालू हो जाएगी और इसके बाद हर वार्ड में एक कैंटीन खोलने की योजना है। वहीं लंबे समय से अटके सीवर लाइन के काम भी अगले तीन से चार महीनों में पूरे करने का दावा किया गया है। खजूरी इलाके में सफाई का काम पहले ही शुरू हो चुका है।
पार्क, सामुदायिक भवन और मुफ्त गैस सिलेंडर
सरकार की योजना के तहत सभी गलियों में पक्की सड़कें बनाई जाएंगी। जर्जर पंचायत भवनों और बारात घरों का नवीनीकरण किया जाएगा। इसके अलावा दिल्ली पुलिस की खाली जमीन पर एक बड़ा सार्वजनिक पार्क बनाने की भी तैयारी है, जो मंजूरी मिलने के बाद 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है।
मंत्री ने यह भी बताया कि सरकार के फैसले के तहत पात्र महिलाओं को होली और दिवाली पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे। जिन घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस है, उन्हें इसके बराबर राशि सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी। सरकार का दावा है कि इन सभी योजनाओं से करावल नगर समेत पूरी दिल्ली में समावेशी विकास को नई रफ्तार मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications