दिल्ली: AIIMS के स्थापना दिवस पर बोले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री- देश में जल्द खुलेंगे और 22 एम्स
नई दिल्ली, 25 सितंबर। कोरोना वायरस की संभावित तीसरी लहर के बीच देशभर में स्वास्थ्य व्यवस्था के क्षेत्र में तेजी से काम किया जा रहा है। इस बीच शनिवार को दिल्ली में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का स्थापनी दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया, केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री डॉ भारती प्रवीण पवार और एम्स के निदेशक रणदीप गुलेरिया भी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि मनसुख मंडाविया ने इस दौरान एम्स में आटोमेटेड इमरजेंसी लैब का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा, 'एम्स स्वास्थ्य क्षेत्र का 'लाइटहाउस' है। इस पर लोगों का विश्वास है, इसलिए कई राज्यों में एम्स बनाने की मांग तेज हो गई है। वर्तमान में 22 एम्स को शुरू करने पर काम चल रहा है। देश में स्वास्थ्य और विकास को मिलाने की परंपरा नहीं थी, लेकिन पीएम मोदी ने स्वस्थ भारत के अपने विजन के साथ ऐसा किया... हमने स्वास्थ्य बजट बढ़ाकर 2.40 लाख करोड़ रुपए किया।'
ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज स्थापना दिवस पर एम्स निदेशक रणदीप गुलेरिया ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। गुलेरिया ने कहा, 'कोरोना वायरस की तीसरी लहर की चेतावनी के बीच हम COVID-19 के लिए प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण कर रहे हैं। पिछले 3 वर्षों में हमारी उपलब्धियों की निरंतरता ने एम्स दिल्ली को फिर से देश में नंबर 1 मेडिकल कॉलेज के रूप में स्थान दिया गया है।' बता दें कि एम्स में हाल ही में तैयार किया गया 200 बिस्तरों वाला यह सर्जरी ब्लॉक अब पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है। यह देश का पहला अस्पताल बन गया है जहां, एक पूरी इमारत ही सर्जरी के लिए अगल से बनाई गई है। कुछ ही दिन में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया सर्जरी ब्लॉक का उद्घाटन कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: UPSC टॉपर जागृति ने परीक्षा से पहले की थी 14 घंटे तक पढ़ाई, कोरोना महामारी के समय आई थी दिक्कतें












Click it and Unblock the Notifications