दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी को पुलिस ने लिया हिरासत में, जानिए किस मामले में हुई कार्रवाई?
Atishi Detained by Delhi Police: दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता आतिशी को मंगलवार (10 मई) को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वह कालकाजी के भूमिहीन कैंप में झुग्गी तोड़ने के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन में हिस्सा ले रही थीं। मीडिया से बातचीत करते हुए आतिशी ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, 'BJP और रेखा गुप्ता को झुग्गीवालों की हाय लगेगी। BJP इन झुग्गियों को कल तोड़ने जा रही है और मुझे आज जेल में डाला जा रहा है क्योंकि मैं इन गरीबों की आवाज़ उठा रही हूं। BJP अब कभी सत्ता में नहीं लौटेगी।'
आतिशी के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गरम हो गया है। आम आदमी पार्टी ने इसे गरीब विरोधी कार्रवाई बताया है, वहीं दिल्ली पुलिस ने अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया है।

बीजेपी सरकार पर भड़की AAP
वहीं पुलिस के इस कार्रवाई के बाद आम आदमी पार्टी भड़क गई है। AAP ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा है कि, BJP की दिल्ली पुलिस ने LOP आतिशी जी को जबरन डिटेन किया। आज दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री @AtishiAAP जी जब भूमिहीन कैंप, कालकाजी की झुग्गियों पर BJP सरकार द्वारा की जाने वाली बुलडोजर कार्रवाई का विरोध करने पहुंची तो डरपोक सरकार की दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। बीजेपी सरकार और दिल्ली पुलिस कान खोलकर सुन ले, उसकी तानाशाही और बुलडोजर एक्शन के खिलाफ आम आदमी पार्टी आवाज उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। हम ना तुमसे डरते हैं और ना तुम्हारी पुलिस से।
इस वजह से प्रदर्शन कर रही थी आतिशी
इससे पहले सोमवार को, दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने उच्च न्यायालय के निर्देशों के पालन में दक्षिण दिल्ली के कालकाजी एक्सटेंशन स्थित भूमिहीन कैंप के सभी निवासियों को एक आधिकारिक नोटिस जारी किया। इसमें उन्हें अवैध झोपड़ियों को हटाने की कार्रवाई से पहले, तीन दिनों के भीतर अपने घर स्वेच्छा से खाली करने का निर्देश दिया गया। नोटिस में स्पष्ट किया गया कि यदि तय समयसीमा में झोपड़ियां खाली नहीं की गईं, तो प्राधिकरण द्वारा तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई कि झोपड़ियों के भीतर छोड़ी गई किसी भी व्यक्तिगत संपत्ति की क्षति के लिए डीडीए जिम्मेदार नहीं होगा। इसी के खिलाफ दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी प्रदर्शन कर रही थी।
ये तानाशाही है- BJP
वहीं इस कार्रवाई के बाद दिल्ली के पूर्व सीएम और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर लिखा कि,बीजेपी सरकार पूरी दिल्ली में ग़रीबों के आशियाने उजाड़ रही है, लोगों को बेघर कर रही है। जब आम आदमी पार्टी ग़रीबों के साथ खड़ी होती है और उनकी आवाज़ उठाती है, तो हमारे नेताओं को गिरफ़्तार कर लिया जाता है। आज नेता विपक्ष @AtishiAAPको हिरासत में लिया गया - ये तानाशाही है। बीजेपी चाहे हम सबको गिरफ़्तार कर ले, लेकिन हम दिल्ली की आम जनता के हक़ के लिए आवाज़ उठाते रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications