यमुना में बढ़े जलस्तर ने तोड़ा रिकॉर्ड, दिल्ली सचिवालय तक पहुंचा पानी, निगमबोध घाट की दीवार तोड़ी
Delhi yamuna flood: दिल्ली में यमुना नदी का लगातार बढ़ रहे जलस्तर ने लोगों की धड़कने बढ़ा दी है। इसकी वजह से स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। यमुना का उफान दिल्ली सचिवालय जाने वाले मार्ग तक पहुंच गया है, जिससे एक रास्ता बंद कर दिया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने आउटर रिंग रोड और आसपास के इलाकों में भारी जाम की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
वहीं बुधवार देर शाम निगमबोध घाट परिसर की दीवार ढहने से बाढ़ का पानी तेजी से अंदर घुस गया, जिसके कारण दिल्ली के सबसे पुराने और व्यस्त श्मशान घाट को बंद करना पड़ा। इससे पहले ही दिन में पानी भरने के कारण दाह संस्कार रोक दिए गए थे, लेकिन दीवार टूटने से हालात और गंभीर हो गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, घाट के भीतर पानी भर जाने से इसे सुरक्षा कारणों से बंद करना अनिवार्य हो गया था।

दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के चलते यमुना नदी में आई बाढ़ ने 2023 की बाढ़ की यादें ताजा कर दी है। तब यमुना नदी का जलस्तर 208.66 मीटर तक पहुंच गया था और दिल्ली के प्रमुख इलाके जलमग्न हो गए थे और हजारों की संख्या में लोगों को सुरक्षित जगह पर विस्थापित करना पड़ा था। वहीं इस बार भी यमुना में जलस्तर 207 मीटर के पार चला गया है।
प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 38 राहत कैंप स्थापित किए हैं, जहां हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इतना ही नहीं कई टेंट में भी पानी पहुंच गया है। यमुना बाजार इलाके में लगाए गए राहत शिविरों में पानी घुसने के बाद, वहां से लोगों को अन्य सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है। प्रशासन ने पूरे इलाके को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
#WATCH | Delhi: Yamuna river overflows, causing waterlogging near Delhi secretariat underpass pic.twitter.com/FJKKI5N8nQ
— ANI (@ANI) September 3, 2025
निगमबोध घाट के बंद होने से राजधानी में अंतिम संस्कार व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर लगातार नज़र रखे हुए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जलस्तर और बढ़ा तो राजधानी में हालात बिगड़ सकते हैं।
यमुना के जलस्तर का रिकॉर्ड:
2023: 208.66 मीटर
1978: 207.49 मीटर
2025: 207.33 मीटर (शाम 6 बजे)
2013: 207.32 मीटर
दिल्ली सरकार ने यमुना किनारे बसे इलाकों से लोगों को स्थानांतरित करने की तैयारी शुरू कर दी है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे काम कर रहा है और हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने बुधवार को आईटीओ बैराज का दौरा किया। मंत्री ने बताया यमुना बेल्ट पर रहने वाले लोगों को स्कूलों में बने कैंपों में स्थानांतरित किया जा रहा है।
जलभराव की वजह से किया रूट डायर्जन
दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि आउटर रिंग रोड पर मजनूं का टीला से सलीमगढ़ बाईपास तक यातायात प्रभावित है। कई स्थानों पर डायवर्जन लगाए गए हैं।
अगले दो दिनों तक बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में ऊपरी राज्यों में भारी बारिश के कारण यमुना में पानी का प्रवाह तेज़ी से बढ़ा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।












Click it and Unblock the Notifications