दिल्ली के उद्योग नगर में जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 5-6 लोग लापता
नई दिल्ली, जून 21। देश की राजधानी दिल्ली में गर्मी बढ़ने के साथ ही आग की घटनाओं में भी तेजी से इजाफा हो रहा है। सोमवार को उद्योग नगर इलाके में स्थित एक जूता फैक्ट्री में आग लग गई। ये घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है। आग की लपटें इतनी भीषण थी कि दमकल विभाग की 31 गाड़ियां आग पर काबू पाने के लिए पहुंची। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है।

6 मजदूरों की फंसी है जिंदगी
जानकारी के मुताबिक, सुबह 9 बजे के करीब आग लगने की सूचना दमकल विभाग और पुलिस को मिली थी, जिसके बाद मौके पर पुलिस की गाड़ियां और दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंच गई। आउटर दिल्ली के डीसीपी पी सिंह ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि गोदाम में जब आग लगी तो 10 लोग वहां फंस गए थे। इनमें से 6 लोगों को निकाल लिया गया है, जबकि 4 अभी भी अंदर है। उनको लेकर अभी कोई जानकारी नहीं है। आग बुझाने की कोशिश अभी भी जारी है। साथ ही आग लगने की वजह का भी पता लगाया जा रहा है।
दिल्ली दमकल विभाग के डायरेक्टर अतुल गर्ग ने बताया कि पहले आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 24 गाड़ियां पहुंची थी, लेकिन आग का भीषण रूप देख 7 गाड़ियों को बाद में बुलाया गया।
पिछले हफ्ते सेंट्रल मार्केट में भी लगी थी आग
आपको बता दें कि इसी तरह की भीषण आग कुछ दिन पहले लाजपत नगर की सेंट्रल मार्केट में लगी थी। यहां कपड़ों के एक शोरूम में आग लगी थी, जिसके बाद आसपास की कुछ दुकानें भी आग की चपेट में आ गई थीं। यहां भी आग पर काबू पाने के लिए 30 से अधिक गाड़ियां पहुंची थी। इस घटना में करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई गई थी।












Click it and Unblock the Notifications