दिल्ली के वजीरपुर में बर्तन फैक्ट्री में लगी भीषण आग, मौके पर फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां
राजधानी दिल्ली के वजीरपुर इलाके में स्थित एक बर्तन फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा परिसर धुएं और लपटों से घिर गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी भयानक थी कि लपटें काफी ऊंचाई तक उठती दिखीं, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड को आग की जानकारी करीब 2 बजकर 20 मिनट पर मिली थी। इसके बाद तुरंत टीमें मौके पर पहुंचीं और लगातार एक घंटे से ज्यादा समय से आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, वज़ीरपुर इलाके में एक क्रॉकरी मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में भीषण आग लग गई। अशोक विहार पुलिस स्टेशन के पुलिस अधिकारी बचाव कार्य में लगे हुए हैं। फिलहाल आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है और नुकसान का आंकलन भी नहीं किया जा सका है।
गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर में इससे पहले भी फैक्ट्रियों और गोदामों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे सुरक्षा इंतज़ामों पर सवाल उठते रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications