Cow Dung Paint: क्लासरूम में प्रिंसिपल ने की थी गोबर से लिपाई, अब DUSU अध्यक्ष ने पोत दिया ऑफिस, देखें Video
Cow Dung Paint: दिल्ली यूनिवर्सिटी से जुड़े रानी लक्ष्मीबाई कॉलेज (Lakshmibai College) में गोबर की लिपाई को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. प्रत्यूष वत्सला ने कुछ दिन पहले क्लासरूम की दीवारों पर गाय के गोबर का लेप लगाया था।
सोशल मीडिया पर दीवारों पर गोबर से पेंट करने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद अब इसका विरोध करते हुए DU छात्रसंघ (DUSU) के अध्यक्ष रौनक खत्री और छात्रों ने प्रिंसिपल के ऑफिस की दीवारों पर गोबर का लेप कर दिया।

इस वीडियो के बाद मचा हंगामा
14 अप्रैल को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें प्रिंसिपल खुद कॉलेज के पोर्टा केबिन (अस्थायी कक्षाएं) की दीवारों पर गोबर लगाती नजर आ रही थीं। लोगों को यह देखकर हैरानी हुई।
जब इस पर सवाल उठे तो प्रिंसिपल ने सफाई दी कि यह एक रिसर्च प्रोजेक्ट का हिस्सा है। उनका कहना था कि यह प्रोजेक्ट गर्मी को कम करने के लिए पारंपरिक तरीकों को आजमाने का प्रयास है।
छात्रों ने जताया ऐसे विरोध, ऑफिस की कर दी लिपाई
ऐसे में अब DUSU अध्यक्ष रौनक खत्री ने मंगलवार को छात्रों के साथ मिलकर प्रिंसिपल के ऑफिस का घेराव किया। विरोध में वे गोबर लेकर ऑफिस पहुंचे और वहां की दीवारों पर भी गोबर का लेप कर दिया। रौनक खत्री ने कहा, "अगर क्लासरूम में गोबर से प्रयोग किया जा सकता है, तो फिर प्रिंसिपल के ऑफिस में क्यों नहीं?" उन्होंने इसे छात्रों के साथ नाइंसाफी बताया।
विवाद के बाद प्रिंसिपल की सफाई
विवाद के बाद प्रिंसिपल डॉ. प्रत्यूष वत्सला का कहना है कि यह रिसर्च प्रोजेक्ट "पारंपरिक ज्ञान" पर आधारित है और इससे किसी को कोई नुकसान नहीं है। उन्होंने कहा कि यह प्रयोग केवल पोर्टा केबिन्स में हो रहा है ताकि गर्मी में अंदर का तापमान कम किया जा सके। इसके अलावा, कॉलेज के कुछ अन्य स्टाफ ने भी इस काम में उनका साथ दिया।












Click it and Unblock the Notifications