Delhi: जोमैटो डिलिवरी एग्जेक्युटिव को मारा थप्पड़ तो अगले दिन वापस आकर बाइक में लगाई आग, जमकर किया हंगामा
Delhi: जोमैटो फूड डिलिवरी एग्जेक्यूटिव नदीम पर जिस तरह से एक महिला ने उसे घूरने का आरोप लगाया उसके बाद जोमैटो डिलिवरी एग्जेक्युटिव के खिलाफ पुलिस से शिकायत की गई और पुलिसवाले ने नदी को थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना के अगले दिन नदीम ने पुलिस स्टेशन के सामने जमकर तमाशा किया। दरअसल रविवार को जब खान मार्केट में नदीम एक रेस्टोरेंट के बाहर अपने ऑर्डर का इंतजार कर रहा था उसी दौरान वहां से एक कपल गुजरा। महिला ने आरोप लगाया कि नदीम उसे घूर रहा था।

पुलिस ने बताया कि 23 वर्षीय नदीम एक दिन पहले खान मार्केट डिलिवरी लेने के लिए आया था। जब वह वहां पर अपने पैकेज का इंतजार कर रहा था तो एक कपल वहां से गुजरा, महिला ने आरोप लगाया कि नदीम उसे घूर रहा है और उसने पुलिस आटपोस्ट पर उसकी शिकायत की। हालांकि महिला की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं की गई, लेकिन उस वक्त ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने नदीम को थप्पड़ मार दिया। इस बात से नाराज नदीम अगले दिन वापस आया और उसने अपनी बाइक को आग लगा दी।
इस घटना के बाद मौके पर पांच फायर इंजिन पहुंचे और पुलिसकर्मी पहुंचे। बाइक में आग इतनी तेज लगी थी कि इसकी लपटों से पास में फर्नीचर की दुकानों में भी आग पहुंचने लगी, लेकिन कोई बड़ी घटना होने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमे देखा जा सकता है कि एक तरफ जहां नदीम की बाइक जल रही है तो दूसरी तरफ वह पुलिस पर पत्थर फेंक रहा है ताकि उसे पुलिस पकड़ ना सके। एक दूसरे वीडियो में देखा जा सकता है कि नदीम को पकड़ लिया गया है। नदीम को पकड़ने के बाद पुलिस उसे वहां से ले जाती है, इस दौरान नदीम पुलिस को भद्दी-भद्दी गालियां देता है। इस पूरी घटना के दौरान आस-पास बड़ी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई।












Click it and Unblock the Notifications