Delhi Weather: दिल्ली में भारी बारिश को लेकर IMD का 'रेड अलर्ट', NCR में अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम?
Delhi Weather Today: दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और चिपचिपी उमस से बेहाल दिल्लीवालों को आखिरकार मॉनसून ने बड़ी राहत दी है। पिछले दो दिनों से दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में लगातार हो रही झमाझम बारिश से मौसम बेहद सुहाना हो गया है।
बुधवार को दिनभर रुक-रुककर हुई बारिश से दिल्ली का पारा सामान्य से काफी नीचे लुढ़क गया है। मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि राहत का यह सिलसिला आज भी थमने वाला नहीं है।

गुरुवार (9 जुलाई) को भी दिल्ली के आसमान में काले बादल छाए रहेंगे और दिनभर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की पूरी संभावना है।
गरज-चमक के साथ अगले दो घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार, 9 जुलाई के लिए दिल्ली में 'रेड अलर्ट' जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मॉनसूनी हवाएं इस समय पूरी तरह सक्रिय हैं और गुरुवार को भी दिल्ली-एनसीआर के ज्यादातर हिस्सों को भिगोती रहेंगी।
विभाग के मुताबिक इस दौरान कई जगहों पर तेज बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश का यह दौर दिनभर अलग-अलग इलाकों में जारी रह सकता है। लोगों से अपील की गई है कि जरूरी काम होने पर ही घर से निकलें और जलभराव वाले रास्तों से बचें।
इससे पहले, बुधवार की सुबह से ही राजधानी में घने बादलों का डेरा था। दिनभर कभी तेज तो कभी रिमझिम फुहारें पड़ती रहीं। इस बारिश ने दिल्लीवालों को उस असहज कर देने वाले मौसम से निजात दिलाई है, जहां तापमान बढ़ने, हवा में नमी (ह्यूमिडिटी) का स्तर अत्यधिक होने और हवा की रफ्तार थमने के कारण लोग भारी बेचैनी से जूझ रहे थे।
तापमान में आई बड़ी गिरावट, आयानगर में सबसे ज्यादा ठंडा रहा मौसम
दिल्ली की सफदरजंग वेधशाला में बुधवार को अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.8 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम है। दिनभर हवा में नमी का स्तर 84 से 100 प्रतिशत के बीच बना रहा।
दिल्ली के आयानगर इलाके में अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 8.3 डिग्री सेल्सियस कम है। यानी राजधानी के कुछ इलाकों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिला और तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया।
Delhi में अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों तक दिल्ली में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
- गुरुवार को येलो अलर्ट जारी है।
- शुक्रवार को भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
- शनिवार को भी कई इलाकों में बारिश के आसार बने हुए हैं।
बारिश की वजह से अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है और लोगों को उमस से राहत मिलेगी।
Delhi सरकार बोली- जलभराव से निपटने के लिए सभी एजेंसियां अलर्ट
लगातार बारिश के बीच दिल्ली सरकार ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखी हुई है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि राजधानी की प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति नियंत्रण में है। CM रेखा गुप्ता ने अधिकारियों के साथ हालात की समीक्षा की है।
दिल्ली जल बोर्ड, लोक निर्माण विभाग (PWD) और नगर निगम (MCD) की टीमें लगातार मैदान में मौजूद हैं। सरकार का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं।
लोगों के लिए जरूरी सलाह...
बारिश के दौरान कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या हो सकती है। ऐसे में घर से निकलने से पहले मौसम का ताजा अपडेट जरूर देख लें।
अगर किसी जरूरी काम से बाहर जा रहे हैं तो छाता या रेनकोट साथ रखें और जलभराव वाले रास्तों से बचने की कोशिश करें।
फिलहाल राजधानी दिल्ली में मानसून पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक बादलों का डेरा बना रहेगा और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलती रहेगी।














Click it and Unblock the Notifications