Shimla से भी ज्यादा सर्द हुई Delhi, ठंड से बेघरों को बचाने के लिए बनाए गए 197 शेल्टर होम
देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार 06 जनवरी को शिमला से भी कम टेंपरेचर दर्ज किया गया है। हाड़ कंपा देने वाली इस ठंड को देखते हुए दिल्ली शहर आश्रम सुधार बोर्ड द्वारा बेघर लोगों के लिए 197 रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है।

delhi weather today: हाड़ कंपा देने वाली ठंड में देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार 06 जनवरी को अपने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया रिकॉर्ड बना रही है। हालत ये है कि दिल्ली के कई इलाकों में शिमला से भी कम टेंपरेचर दर्ज किया गया है। दिल्ली के आया नगर में आज तापमान 1.8°C रहा, जबकि शिमला का तापमान शुक्रवार को 2°C दर्ज किया गया है। कड़ाके की ठंड को देखते हुए दिल्ली शहर आश्रम सुधार बोर्ड द्वारा बेघर लोगों के लिए रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है।
दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के सदस्य विपिन राय ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, 'पूरी दिल्ली में 197 शेल्टर होम बनाए गए हैं। उन्होंने बताया, 'दिल्ली के विभिन्न इलाकों में 250 अस्थायी टेंट लगाए गए हैं, जिनमें हम लोगों को रहने के लिए बिस्तर, कंबल और शौचालय के अलावा सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात के भोजन आदि की व्यवस्था की गई है। कश्मीरी गेट, एम्स, यमुना पुस्ता, बंगला साहिब आदि ऐसे क्षेत्र हैं, जहां टेंट लगाए गए हैं।'
22 हजार लोगों के रहने की व्यवस्था
दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (DUSIB) का कहना है कि उनके पास 22,000 लोगों के रहने की व्यवस्था है, जिनके लिए उन्हें गद्दे, कंबल और दो वक्त का खाना दिया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली सरकार का यह विभाग पूरी दिल्ली को 15 जोन में बांटकर काम कर रहा है। इतना ही नहीं, एक हेल्पलाइन नंबर भी शुरू किया गया है, जिसके जरिए लोग कॉल करके शेल्टर होम तक पहुंच सकते हैं।
टेंटों में किया लोगों को ठहरने का पूरा इंतजाम
उन्होंने बताया कि जो लोग सड़कों पर रहते हैं या उनके पास रहने के लिए कोई जगह नहीं है, उनके लिए गद्दे और कंबल की पूरी व्यवस्था इन टेंटों में हमने की है। बेघर लोग इन शेल्टर होम में आकर रह सकते हैं। इन शेल्टर होम में हमने लोगों के ठहरने के पूरे इंतजाम किए हैं। बताया कि सराय काले खां में मुख्य सड़क पर 4 टेंट लगाए गए हैं, जिसमें सर्दी में बचने और लोगों के ठहरने का पूरा इंतजाम है। इसके अलावा निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के पास 100 बिस्तरों वाला एक टेंट लगाया गया है।
Recommended Video
महिलाओं और पुरुषों को अलग-अलग शेल्टर होम
विपिन राय ने बताया कि महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शेल्टर होम और टेंट बनाए गए हैं। कहा कि दिल्ली में जैसे-जैसे तापमान गिर रहा है रैन बसेरों में लोगों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा, 4 जनवरी, यानी बुधवार तक पूरी दिल्ली में 8000 से ज्यादा लोगों ने शेल्टर होम में शरण ली थी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ सकती है क्योंकि ठंड लगातार बढ़ रही है।












Click it and Unblock the Notifications