Delhi Water Cut: दिल्ली में जल संकट! 4 फरवरी तक आधे शहर में बूंद-बूंद को तरसेंगे लोग, देखें पूरी लिस्ट
Delhi Water Cut Update: दिल्ली शहर में रहने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी परेशानी की खबर है। राजधानी के 50 से अधिक इलाकों में अगले 13 दिनों तक यानी 4 फरवरी तक पानी की भारी किल्लत रहने वाली है।
दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने इसे लेकर वॉटर अलर्ट जारी किया है और लोगों से पानी का बेहद समझदारी से इस्तेमाल करने की अपील की है। जल बोर्ड के मुताबिक, हरियाणा से कम पानी मिलने, यमुना नदी में अमोनिया का स्तर बढ़ने और डीएसबी (DSB) नहर से कच्चा पानी न आने के कारण राजधानी की जल आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है।

Delhi Jal Board Water Alert: क्यों पैदा हुई पानी की कमी?
दिल्ली जल बोर्ड ने बताया कि मौजूदा हालात में उसके छह प्रमुख वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) प्रभावित हुए हैं। सबसे बड़ा असर वजीराबाद WTP पर पड़ा है, जो मंगलवार सुबह 9 बजे से पूरी तरह बंद है। इसके चलते दिल्ली की लगभग 45 प्रतिशत जल आपूर्ति ठप हो गई है और आधा शहर पेयजल संकट से जूझ रहा है।
वजीराबाद के अलावा जिन अन्य जल शोधन संयंत्रों से पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है, उनमें
- हैदरपुर फेज-1
- हैदरपुर फेज-2
- बवाना
- नांगलोई
- द्वारका
- चंद्रावल WTP
शामिल हैं। जल बोर्ड ने साफ किया है कि इन संयंत्रों से जुड़े इलाकों में कम दबाव के साथ कम पानी की सप्लाई होगी और कई जगहों पर पूरी तरह कटौती भी हो सकती है।
4 फरवरी तक रहेगी परेशानी
DJB के अनुसार, हालात सामान्य होने में समय लगेगा और 4 फरवरी तक राजधानी के बड़े हिस्से में जल आपूर्ति प्रभावित रह सकती है। इसी को देखते हुए जल बोर्ड ने 50 से ज्यादा प्रभावित कॉलोनियों और इलाकों की सूची जारी की है और लोगों से अपील की है कि वे इस अवधि में पानी की बर्बादी न करें।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा असर
हैदरपुर WTP-1 के कमांड क्षेत्र
इन इलाकों में पानी की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित रहेगी: पीतमपुरा, शालीमार बाग, लॉरेंस रोड, सरस्वती विहार, सैनिक विहार, मंगोलपुरी, पीरागढ़ी, बुध विहार, सुल्तानपुरी, अवंतिका, राजा गार्डन, राजौरी गार्डन, सुभाष नगर, हरि नगर, वेस्ट ज़ोन, कीर्ति नगर BPS क्षेत्र, मायापुरी का कुछ हिस्सा, इंद्रलोक, टोडापुर, रोहिणी सेक्टर-29, सेक्टर-23 का MES इलाका और किराड़ी।
हैदरपुर WTP-2 के कमांड क्षेत्र
रोहिणी सेक्टर-7 (अवंतिका), सेक्टर-11, 17, 18 और 19, प्रशांत विहार, मधु विहार, मंगोलपुरी, पश्चिम विहार, मायापुरी, जनकपुरी, तिलक नगर, दिल्ली कैंट, पालम भूमिगत जलाशय क्षेत्र, डियर पार्क भूमिगत जलाशय क्षेत्र, महिपालपुर, सागरपुर, बसंत विहार, सदर बाजार समेत कई इलाके।
बवाना WTP के अंतर्गत
सुल्तानपुर डबास, कुतुबगढ़, कराला, बवाना क्षेत्र और बवाना BPS कमांड क्षेत्र।
वजीराबाद और चंद्रावल WTP के कमांड क्षेत्र
मजनू का टीला, ISBT, GPO, NDMC इलाके, ITO, लोकनायक अस्पताल, डिफेंस कॉलोनी, CGO कॉम्प्लेक्स, राजघाट, WHO, IP इमरजेंसी, रामलीला मैदान, दिल्ली गेट, सुभाष पार्क, गुलाबी बाग, आजादपुर, शालीमार बाग, वजीरपुर, लॉरेंस रोड, मॉडल टाउन, जहांगीरपुरी, मूलचंद, साउथ एक्सटेंशन, ग्रेटर कैलाश, दक्षिणी दिल्ली के कई इलाके, दिल्ली कैंट, बुराड़ी और आसपास के क्षेत्र।
टैंकर से पानी मंगवाने की सुविधा
लोगों की परेशानी को कम करने के लिए दिल्ली जल बोर्ड ने पानी के टैंकर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। जरूरत पड़ने पर नागरिक निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। हेल्पलाइन नंबर:
- 1916
- 23527679
- 23634469
जल बोर्ड की अपील
दिल्ली जल बोर्ड ने सभी नागरिकों से अपील की है कि इस संकट की घड़ी में पानी का इस्तेमाल बेहद सोच-समझकर करें। अनावश्यक उपयोग से बचें, टंकियों में पानी स्टोर करें और पड़ोसियों के साथ सहयोग बनाए रखें।
बोर्ड का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जैसे ही कच्चे पानी की उपलब्धता सुधरेगी, सप्लाई को सामान्य करने की कोशिश की जाएगी। फिलहाल, दिल्लीवासियों को अगले 13 दिन तक पानी बचाकर चलने की सख्त जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications