Delhi Vidhan Sabha Session: सीएम रेखा गुप्ता ने विधानसभा में ली शपथ, अरविंदर सिंह लवली चुने गए प्रोटेम स्पीकर
Delhi Vidhan Sabha Session: दिल्ली विधानसभा के पहले सत्र का आगाज सोमवार से शुरू हुआ। सत्र के शुरुआत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधायक के रूप में शपथ ली। शपथ ग्रहण के दौरान वह आत्मविश्वास से भरी हुई नजर आईं, और विधानसभा भवन में विजय का प्रतीक दिखाते हुए पहुंचीं।

इसके साथ ही, दिल्ली के नवनिर्वाचित कैबिनेट मंत्रियों, जैसे परवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, और रविंदर इंद्राज सिंह ने भी दिल्ली विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली।
अरविंदर सिंह लवली बने प्रोटेम स्पीकर
विधानसभा सत्र के दौरान वरिष्ठ विधायक अरविंदर सिंह लवली को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है। उन्हें उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने शपथ दिलाई। इसके बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता विजेंद्र गुप्ता को विधानसभा अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पेश किया जाएगा। रविवार को आयोजित भाजपा विधायकों की बैठक में सदन संचालन और विधायी प्रक्रियाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए थे।
दिल्ली को नए आयामों तक पहुंचाएंगे: परवेश वर्मा
दिल्ली के मंत्री परवेश वर्मा ने दिल्लीवासियों के लिए अपना संदेश दिया। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि उनकी सरकार चुनाव प्रचार के दौरान किए गए सभी वादों को पूरा करेगी और दिल्ली को नए आयामों तक पहुंचाएगी।
परवेश वर्मा ने कहा, "हमारी सरकार दिल्ली के लोगों की उम्मीदों पर पूरी तरह से खरी उतरेगी। हमने जो भी चुनावी वादे किए थे, उन्हें हम पूरा करेंगे। मैं विपक्षी दल से भी सहयोग की उम्मीद करता हूं। हम चाहते हैं कि दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए अच्छे कानून बनाए जाएं। हम दावा नहीं करते कि हम दिल्ली को पेरिस या लंदन जैसा बना देंगे, लेकिन हम यह सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली का विकास हो। यही हमारी सरकार का संकल्प है।"
मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया ऐतिहासिक दिन
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने इस दिन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा, "आज का दिन ऐतिहासिक है। दिल्ली की जनता ने यह साबित कर दिया है कि असली मालिक वे ही हैं। जो लोग दिल्ली को धोखा दे रहे थे, उन्हें समझ आ गया है कि अब यह सरकार जनता की सेवा के लिए है। भ्रष्टाचार की एक सीमा होती है, और वह समय अब समाप्त हो गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली में एक सशक्त सरकार आई है जो जनता के लिए काम करेगी।"
27 फरवरी तक चलेगा सेशन
दिल्ली विधानसभा सत्र 2025 की शुरुआत 24 फरवरी से हुई है और यह 27 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान सभी 70 नवनिर्वाचित विधायक सदस्य पद की शपथ लेंगे। सत्र के दौरान, विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव भी किया जाएगा।
भाजपा ने इस सत्र में विशेष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास से जुड़ी सीएजी रिपोर्ट पेश करने का निर्णय लिया है। चुनाव के दौरान भाजपा ने इसे "शीशमहल" करार देते हुए आलोचना की थी और अब इस रिपोर्ट को विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा।
इस सत्र की शुरुआत भाजपा सरकार के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह उनके नेतृत्व में पहला विधानसभा सत्र है। भाजपा के पास पूर्ण बहुमत है, और वे विधानसभा में अपनी नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में कदम उठा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications