Delhi: ट्रैफिक पुलिस के जवानों को कार से मारी टक्कर, फिर बोनेट पर लटका कर घसीटा
Delhi News: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में ड्यूटी पर तैनात दो दिल्ली ट्रैफिक पुलिस हिट एंड रन मामले में घायल हो गए। यहां एक कार सवार ने दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। इसके बाद कार के बोनट पर लटका कर 30 से 35 मीटर तक घसीटा। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो वायरल हो रहा है।
यह घटना शनिवार शाम करीब 7.45 बजे वेदांत देशिका मार्ग के पास बेर सराय ट्रैफिक लाइट की है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि एएसआई प्रमोद और हेड कांस्टेबल शैलेश को आईं चोटें मामूली बताई गई हैं। लेकिन इरादा उन्हें मारने का था। अधिकारी ने बताया कि हत्या के प्रयास, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने तथा जनता की जान को खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है।

इस घटना के दो कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिसमें कार को दोनों यातायात पुलिसकर्मियों को घसीटते हुए दिखाया गया, जो कार का बोनट पकड़े हुए थे और बाद में चालक मौके से फरार हो गया। वीडियो में कार चालक द्वारा ब्रेक लगाने और पुलिस कर्मियों को टक्कर मारने के साथ-साथ एक पुलिस कर्मी जमीन पर गिरता हुआ दिखाई दे रहा है।
अधिकारी ने बताया, "किशनगढ़ पुलिस थाने में एक पीसीआर कॉल आई थी, जिसमें बताया गया था कि एक अज्ञात वाहन ने ड्यूटी पर तैनात यातायात अधिकारियों को टक्कर मार दी है और मौके से भाग गया है।" उन्होंने बताया कि एक टीम तुरंत घटनास्थल पर भेजी गई और घायल कर्मियों को पीसीआर वैन द्वारा सफदरजंग अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि टीम अस्पताल पहुंची और पाया कि सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) प्रमोद और हेड कांस्टेबल शैलेश चौहान सचेत और स्थिर हालत में हैं। बता दें, वे यातायात उल्लंघन के लिए नियमित चालान कर रहे थे। अधिकारी ने बताया कि शाम करीब 7.45 बजे एक वाहन ने लाल बत्ती पार की और जब शैलेश ने रुकने का इशारा किया।
इस दौरान कार चालक अचानक भागने की कोशिश करने लगा। दोनों कर्मियों को करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए घटनास्थल से भाग गया। पुलिस ने कहा कि उन्होंने वाहन मालिक की पहचान कर ली है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications