Delhi Today: दिल्ली के कई इलाकों में आज पानी की किल्लत, श्रीराम के जीवन को दिखाने के लिए सजेगा मंच
Delhi Today: दिल्लीवासियों को आज एक तरफ पानी की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली जल बोर्ड के मुताबिक, वेस्ट और साउथ-वेस्ट दिल्ली के कई इलाकों में 21 अप्रैल को पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। वहीं, दूसरी ओर शाम को राजधानी में एक सांस्कृतिक आयोजन भी देखने को मिलेगा।
दरअसल, कमानी ऑडिटोरियम में आज शाम 6:00 बजे भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित एक विशेष नाटक का मंचन किया जाएगा। आइए जानते हैं आज 21 अप्रैल, 2025 को दिल्ली में क्या खास होने वाला है...

इन इलाकों में रहेगी पानी की किल्लत
दिल्ली जल बोर्ड ने जानकारी दी है कि रनहोला मोड़ के पास 1200 मिमी व्यास की द्वारका वाटर मेन पाइपलाइन में इंटरकनेक्शन का काम किया जाएगा। इस वजह से द्वारका मेन लाइन से जुड़े निम्न इलाकों में 21 अप्रैल की शाम से पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी:
उद्योग नगर, ज्वालापुरी, पश्चिम विहार, रिसाल गार्डन, रनहोला, बापरौला, चंदर विहार, जय विहार,एलआईजी फ्लैट हस्तसाल, विकास नगर, उत्तम नगर, ओम विहार, महारानी एनक्लेव, शिव विहार, चंचल पार्क, राजन विहार, यादव एनक्लेव, ईस्ट उत्तम नगर, नन्हे पार्क
स्टोर करके रखें पानी
जल बोर्ड ने यह भी बताया कि कई इलाकों में दोपहर 3 बजे से लेकर अगले दिन सुबह 8 बजे तक पानी नहीं आएगा। वहीं, द्वारका वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास CT-4 और CT-6 पर 1000 मिमी की फीडर लाइन में इंटरकनेक्शन का कार्य भी किया जाएगा, जिससे द्वारका कमांड एरिया में लगभग 12 घंटे तक पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी।
इस कारण से यशोभूमि, भरथल गांव, धूलसिरस, बामनोली और आसपास के क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक पानी की किल्लत रहेगी। जल बोर्ड ने नागरिकों से अपील की है कि वे पर्याप्त मात्रा में पानी स्टोर करके रखें।
कमानी ऑडिटोरियम में होगा विशेष नाटक 'मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम'
जहां एक ओर शहर के कुछ हिस्से पानी की कमी से प्रभावित रहेंगे, वहीं राजधानी में आज एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 21 अप्रैल की शाम 6:00 बजे दिल्ली के कमानी ऑडिटोरियम में 'मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम' नामक नाटक का मंचन होगा।
इस नाटक में भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मूल्यों को नृत्य और संगीत के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन Urvashi Dance Music Art and Cultural Society द्वारा संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है। इस मंचन में भारत के प्रसिद्ध कलाकार हिस्सा लेंगे, जो रामायण की कथा को शास्त्रीय और आधुनिक नृत्य के सुंदर संगम के साथ प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम में विशेष अतिथियों के रूप में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, विधायक सतीश उपाध्याय, बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और पद्म भूषण डॉ. उमा शर्मा भी उपस्थित रहेंगे। यदि आप रामायण की इस रंगमंचीय प्रस्तुति का आनंद लेना चाहते हैं, तो शाम 6 बजे से पहले कमानी ऑडिटोरियम पहुंचना न भूलें।
मौसम की स्थिति
दिल्ली में अप्रैल के अंत में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 40-42°C तक पहुंच सकता है। इसलिए, लू की स्थिति बनी रहेगी, जिसके चलते लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications