Delhi Today: ‘आधे घंटे के लिए गई होगी बिजली',आतिशी के आरोपों पर प्रवेश वर्मा का पलटवार, जानिए सब अपडेट
Delhi Today: दिल्ली में बिजली और जलभराव की स्थिति को लेकर सियासी घमासान जारी है। विपक्ष की नेता आतिशी द्वारा लगाए गए बिजली कटौती के आरोपों पर अब दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा का बयान सामने आया है। उन्होंने आतिशी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कहीं-कहीं तकनीकी कारणों से बिजली कुछ देर के लिए बाधित हुई हो सकती है, लेकिन पूरे क्षेत्र में व्यापक कटौती की बात गलत है।
प्रवेश वर्मा ने कहा, "हमने ऐसी कोई बड़ी बिजली कटौती नहीं देखी है। संभव है कि किसी इलाके में आधे घंटे के लिए बिजली गई हो। आतिशी के आरोप बेबुनियाद हैं। हम उनके निर्वाचन क्षेत्र में भी काम कर रहे हैं और इस बार वहां जलभराव नहीं होने देंगे। मानसून का सबको इंतजार है, लेकिन हम पूरी तैयारी के साथ हैं।"

सिर्फ दो महीनों में दिल्ली की पूरी व्यवस्था ठप कर दी है: आतिशी
उधर, आतिशी ने सोशल मीडिया पर भाजपा सरकार को घेरते हुए दावा किया कि दिल्ली के कई इलाकों में घंटों से बिजली नहीं है। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, "नजफगढ़ के मांडी गांव में सुबह से बिजली नहीं है। छतरपुर एक्सटेंशन और विपिन गार्डन में भी 10-12 घंटे की बिजली कटौती की शिकायतें आ रही हैं। भाजपा की चार-इंजन वाली सरकार ने सिर्फ दो महीनों में दिल्ली की पूरी व्यवस्था ठप कर दी है।"
इसके साथ ही आतिशी ने भाजपा की नेता रेखा गुप्ता पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "रेखा गुप्ता दिनभर अरविंद केजरीवाल को गाली देने में लगी रहती हैं, जबकि उन्हें दिल्ली की जनता के लिए काम करना चाहिए। अगर भाजपा ने समय पर काम किया होता, तो आज हालात इतने नहीं बिगड़ते।"
बता दें कि विपक्ष की भूमिका में आने के बाद से आतिशी लगातार आक्रामक रवैया अपनाए हुए हैं और दिल्ली में बिजली, पानी और सीवर जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा कर रही हैं। वहीं सरकार का कहना है कि वह हालात से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है और विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम फैला रहा है।
राजधानी दिल्ली में मौसम में मौसम ने ली करवट
राजधानी दिल्ली में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी में हो रही बेमौसम बारिश, तेज़ हवाएं और गरज-चमक ने लोगों को एक तरफ जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी तरफ कई तरह की परेशानियां भी खड़ी कर दी हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, यह असामान्य मौसम पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का नतीजा है, जिसने उत्तर-पश्चिम भारत को अपनी चपेट में ले लिया है। मौसम विभाग ने 4 मई से 6 मई तक के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जिसमें तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। अनुमान है कि यह स्थिति 8 मई तक बनी रह सकती है।
दिल्ली में हाल ही में मई के सबसे गीले दिनों में से एक दर्ज किया गया, जब सफदरजंग वेधशाला में केवल छह घंटे में 77 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान 74 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और तेज गरज-चमक के साथ बारिश हुई। नतीजतन, कई इलाकों में जलभराव हो गया, यातायात घंटों तक बाधित रहा और उड़ानों में देरी या बदलाव करना पड़ा।
हालांकि, इस बारिश का एक सकारात्मक पहलू भी देखने को मिला है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, बारिश की वजह से वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। शनिवार सुबह दर्ज किया गया AQI 127 रहा, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है, जबकि सप्ताह की शुरुआत में यह 'बहुत खराब' स्तर पर था।
IMD का कहना है कि आने वाले दिनों में हल्की बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा, और तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन लू चलने की आशंका नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications