Delhi Today: दिल्ली के बाजार आज रहेंगे बंद, पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ व्यापारियों का बड़ा प्रदर्शन, जानिए सब
Delhi Today: दिल्ली के व्यापारिक समुदाय ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में शुक्रवार, 25 अप्रैल को एकजुट होकर बड़े पैमाने पर बाजार बंद रखने का फैसला लिया है। इस बंद के तहत राजधानी की 900 से अधिक दुकानें और 100 से ज्यादा प्रमुख बाजारों में कारोबार पूरी तरह से ठप रहेगा। जानिए आज दिल्ली में क्या है खास?
अखिल भारतीय व्यापारी संगठन (कैट) ने इस बंद का ऐलान करते हुए कहा कि पहलगाम में हुए कायराना हमले में निर्दोष नागरिकों की जान गई, जिससे पूरे व्यापारिक समुदाय में शोक और आक्रोश है। इसी के मद्देनज़र दिल्ली के तमाम व्यापार संघों ने यह निर्णय लिया है कि वे इस हमले के खिलाफ अपनी आवाज़ उठाने के साथ-साथ पीड़ितों को श्रद्धांजलि देंगे।

आज दिल्ली बंद!
इस दौरान चांदनी चौक से सांसद और कैट नेता प्रवीण खंडेलवाल के नेतृत्व में शुक्रवार सुबह 10:45 बजे लाल किले तक एक 'सहानुभूति मार्च' भी निकाला जाएगा। इस मार्च का उद्देश्य आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित करना और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना है।
दिल्ली जल बोर्ड ने जारी किया सार्वजनिक नोटिस
राजधानी दिल्ली के लोगों के लिए एक आवश्यक सूचना है। दिल्ली जल बोर्ड ने सार्वजनिक नोटिस जारी करते हुए कहा है कि 25 और 26 अप्रैल को कुछ क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं रेखा गुप्ता सरकार ने लाइफटाइम फ्री स्मार्ट कार्ड को लांच करने का फैसला किया है। आइए जानते है कहां-कहां रहेगी पानी की किल्लत और दिल्ली में क्या है खास?
दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) ने घोषणा करते हुए कहा है कि दक्षिण दिल्ली के कई इलाकों में रहने वाले लोगों को 25 और 26 अप्रैल को पानी की आपूर्ति में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। क्योंकि सादिक नगर के पास एक प्रमुख पाइपलाइन पर मरम्मत कार्य के कारण यह व्यवधान उत्पन्न हुआ है।
डीजेबी द्वारा जारी एक सार्वजनिक नोटिस के अनुसार, चिराग दिल्ली, खिड़की एक्सटेंशन, पंचशील विहार, साकेत और आस-पास के इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी। इन इलाकों में बताई गई तारीखों पर पानी की आपूर्ति नहीं होगी। डीजेबी ने निवासियों को किसी भी असुविधा से बचने के लिए पहले से पर्याप्त पानी जमा करने की सलाह दी है।
नोटिस में कहा गया है, "बंद के दौरान, अनुरोध पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे। लोग डीजेबी द्वारा दिए गए आपातकालीन नंबरों या टोल-फ्री हेल्पलाइन के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।" इससे पहले, 21 अप्रैल को, द्वारका जल उपचार संयंत्र से 1,000 मिमी फीडर लाइन पर रखरखाव और इंटरकनेक्शन कार्य के कारण दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के कई इलाकों में भी पानी की आपूर्ति बाधित हुई थी।
यशोभूमि द्वारका, भरथल गांव, धूलसीरस, बामनोली और आसपास के इलाकों में सुबह 10 बजे से 12 घंटे तक जल आपूर्ति बाधित रही। इसके अलावा, उद्योग नगर, पश्चिम विहार, विकास नगर, उत्तम नगर, चंचल पार्क और अन्य पड़ोसी कॉलोनियों सहित पश्चिमी दिल्ली के कुछ हिस्सों में दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक पानी उपलब्ध नहीं था। शहर भर के निवासियों को सलाह दी जाती है कि वे डीजेबी की घोषणाओं से अपडेट रहें और तदनुसार योजना बनाएं।
लाइफटाइम फ्री स्मार्ट कार्ड को लांच करेगी दिल्ली सरकार
राजधानी दिल्ली में फ्री बस यात्रा कर रही महिलाओं के लिए रेखा गुप्ता सरकार ने बड़ृा ऐलान करते हुए पिंक टिकट को खत्म करने का फैसला ले लिया है। अब सरकार लाइफटाइम फ्री स्मार्ट कार्ड को लांच करने जा रही है।
दिल्ली में महिलाओं को डीटीसी बसों में अब तक मुफ्त यात्रा के लिए 'पिंक टिकट' दी जाती थी, लेकिन अब इस योजना में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। दिल्ली सरकार ने 'पिंक टिकट' योजना को बंद करने का फैसला लेते हुए उसकी जगह एक नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर ली है।
पहचान और निवास से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जाएगी
अब महिलाओं को डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा के लिए एक लाइफटाइम फ्री स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। इस स्मार्ट कार्ड के जरिए महिलाएं बिना किसी टिकट के बस यात्रा कर सकेंगी। हालांकि, इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए कुछ जरूरी दस्तावेजों की जरूरत होगी। कार्ड जारी करने से पहले महिला यात्रियों की पहचान और निवास से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पहले ही इस बदलाव की घोषणा करते हुए कहा था कि महिलाओं को अब हर बार पिंक टिकट लेने की आवश्यकता नहीं होगी। एक बार स्मार्ट कार्ड बनवाने के बाद वह जीवनभर डीटीसी बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी।
स्मार्ट कार्ड बनाने की प्रक्रिया 25 अप्रैल के बाद शुरू कि जाएगी
सरकार का कहना है कि यह योजना न केवल महिलाओं की सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि सार्वजनिक परिवहन को और अधिक व्यवस्थित और डिजिटल बनाएगी। नई योजना के तहत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी ताकि महिलाएं आसानी से अपना स्मार्ट कार्ड प्राप्त कर सकें।
महिलाओं को फ्री बस सफर के लिए स्मार्ट कार्ड बनाने की प्रक्रिया 25 अप्रैल के बाद शुरू कि जाएगी। आप इसके लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद पास के डीटीसी बस डिपो से स्मार्ट कार्ड को प्राप्त कर सकेंगे। स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए आपके पास दिल्ली के पते का आधार कार्ड या वोटर कार्ड होना जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications