Delhi Today: फीस बढ़ोतरी पर सख्त हुई दिल्ली सरकार, कुछ स्कूलों को जारी हुआ शोकॉज नोटिस, जानिए सब अपडेट
Delhi Today: राजधानी दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में फीस बढ़ोतरी का मामला बढ़ता ही जा रहा है। इसको लेकर सरकार का पक्ष क्या है? सुल्तानपुर माजरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस विधायक जय किशन का देर रात निधन हो गया। आइए जानते हैं आज की सब अपडेट...
दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में फीस बढ़ोतरी को लेकर राजनीतिक गलियारे में भी हलचल काफी तेज है। मनमाने ढंग से फीस बढ़ोतरी को लेकर अभिभावकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। निजी स्कूलों की फीस बढ़ोतरी का मुद्दा केवल शिक्षा से जुड़ा नहीं रह गया है, बल्कि यह राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है। सरकार और विपक्ष दोनों ही इस पर अपनी-अपनी स्थिति स्पष्ट कर रहे हैं, जबकि अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे हैं।

माँ-बाप के लिए अपने बच्चों को पढ़ाना अब एक दुःस्वप्न बन चुका है: मनीष सिसोदिया
पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में माँ-बाप के लिए अपने बच्चों को पढ़ाना अब एक दुःस्वप्न बन चुका है। फीस की लूट चरम पर है, और बीजेपी सरकार बेशर्मी से शिक्षा माफिया की ढाल बनकर खड़ी है। माता-पिता सड़कों पर हैं - और सरकार कॉरपोरेट स्कूलों की गोद में बैठी है। ये सरकार बच्चों के भविष्य को नहीं, चंदा देने वालों को बचा रही है। शिक्षा बिक रही है, और सत्ता दलाली में लिप्त है।
प्राइवेट स्कूलों की फीस बढ़ोतरी पर सरकार का पक्ष
दिल्ली सरकार ने निजी स्कूलों द्वारा की जा रही मनमानी फीस बढ़ोतरी को लेकर सख्त रुख अपनाया है। सरकार का कहना है कि शिक्षा एक बुनियादी अधिकार है और इसे मुनाफे का जरिया नहीं बनने दिया जाएगा। ऐसे स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उनकी मान्यता रद्द करने या सरकार द्वारा प्रबंधन अपने हाथ में लेने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
दिल्ली सरकार का स्पष्ट कहना है कि वह अभिभावकों के साथ है और किसी भी निजी स्कूल को शोषण करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। शिक्षा को लेकर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में सरकार ने कुछ स्कूलों को शोकॉज नोटिस भी भेजे हैं। कई मामलों में फीस वापसी के आदेश दिए गए हैं। "बच्चों को क्लास से बाहर निकालना या मानसिक दबाव डालना अस्वीकार्य है। इस तरह के मामलों पर हम तुरंत कार्रवाई करेंगे।"
सीएम रेखा गुप्ता ने बीते दिनों बुधवार(16 अप्रैल) को X पर पोस्ट करते हुए लिखा- आज जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान क्वीन मैरी स्कूल, मॉडल टाउन से संबंधित एक मामला सामने आया, जिसमें बच्चों के परिजनों ने गलत तरीके से फीस वसूली और बच्चों को स्कूल से निकाले जाने की शिकायत दर्ज की। इस विषय पर तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर कड़ी और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
हर बच्चे को न्याय, सम्मान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए
दिल्ली सरकार शिक्षा के क्षेत्र में पारदर्शिता, समान अवसर और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार का अन्याय, शोषण या अनियमितता को लेकर Zero Tolerance की नीति अपनाई गई है-इसमें कोई ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। हमारा संकल्प स्पष्ट है-हर बच्चे को न्याय, सम्मान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए।
सरकार किसी भी स्कूल को मनमानी करने की छूट नहीं देगी: शिक्षा मंत्री
इस मामले में शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा है कि "सरकार किसी भी स्कूल को मनमानी करने की छूट नहीं देगी। फीस बढ़ोतरी का हर निर्णय नियमों के दायरे में होना चाहिए। हम हर स्कूल की ऑडिट रिपोर्ट की जांच कर रहे हैं।"
सुल्तानपुर माजरा के पूर्व विधायक का निधन
दिल्ली से बड़ी खबर सामने आ रही है। सुल्तानपुर माजरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस विधायक जय किशन का देर रात निधन हो गया। उनके निधन से सुल्तानपुर माजरा और कांग्रेस में शोक की लहर है। जागरण के रिपोर्ट के मुताबिक रात को साढ़े 12 बजे के आसपास उन्हें हार्ट अटैक आया था। इसके बाद तुरंत उनके परिजनों ने उन्हें संजय गांधी अस्पताल लेकर गए। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बता दे कि आज गुरूवार को 1 बजे मंगोल पुरी के वाई ब्लॉक स्थित शवदाह गृह पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। जहां कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है। आगे की खबर जानकारी के अनुसार अपडेट की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications