Delhi Today: दिल्ली सरकार ने दी बड़ी सौगात, CM रेखा गुप्ता ने 400 नई इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी
Delhi Today: सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की बड़ी सौगात देते हुए 400 नई बसों को हरी झंडी दिखाई है। उन्होंने इस मौके पर कहा कि यह "ट्रिपल इंजन सरकार" राजधानी में होने का नतीजा है, जिसकी वजह से यह संभव हो पाया है। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की है कि वर्ष के अंत तक दिल्ली की सड़कों पर 2,080 और इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि "दिल्ली में 45 प्रतिशत प्रदूषण का स्रोत वाहन हैं। हमारा लक्ष्य है कि अगले साल तक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पूरी तरह इलेक्ट्रिक हो जाए।" मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार दिल्ली के ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को और बेहतर करने के लिए एक ठोस ईवी नीति पर भी काम कर रही है। यह पहल न केवल पर्यावरण के लिए फायदेमंद होगी, बल्कि दिल्ली की जनता को एक साफ-सुथरी और आधुनिक परिवहन सेवा भी उपलब्ध कराएगी।

दिल्ली में अचानक बदला मौसम का मिजाज
शुक्रवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इस तूफान और बारिश ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। दिल्ली के नजफगढ़ इलाके के खरकरी नहर गांव में तेज तूफान के कारण एक पेड़ खेत में बने कमरे पर गिर पड़ा, जिससे कमरा ढह गया और अंदर मौजूद एक महिला और उसके तीन बच्चों की मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 26 वर्षीय ज्योति और उसके तीन बच्चों के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मलबे में दबे सभी चार लोगों को बाहर निकाला गया और तुरंत जाफरपुर कलां के RTR अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, ज्योति का पति अजय इस हादसे में बाल-बाल बच गया और उसे मामूली चोटें आई हैं।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया, "हमें सुबह 5:25 बजे नजफगढ़ के खरकरी नहर गांव में मकान गिरने की सूचना मिली थी। हमारी टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया। चार लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अफसोस कि उनकी जान नहीं बच सकी।"
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 2-3 दिनों तक बारिश और तेज हवाएं जारी रहने की संभावना है। शहर के कई हिस्सों से जलभराव, पेड़ों के गिरने और यातायात बाधित होने की खबरें मिल रही हैं। इस अचानक बदले मौसम ने न केवल जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया, बल्कि कई स्थानों पर जनहानि भी हुई है।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे खराब मौसम के दौरान घरों में ही रहें, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या दमकल विभाग को सूचित करें।
प्रवेश वर्मा ने एक्स पर किया पोस्ट
दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "आज बेमौसम रिकॉर्ड बारिश के कारण दिल्ली में कई जगहों पर कुछ मात्रा में पानी रुका हुआ है। सुबह 5:30 बजे से ही मैं कई जगहों पर गया और स्थिति का जायजा लिया। मिंटो ब्रिज जाकर देखा तो चारों पंप काम कर रहे थे और ऑपरेटर भी सतर्क था। एक पाइप फट गई थी, जिसे मैंने ठीक करने को कहा है। मानसून को देखते हुए PWD, MCD, DJB, NDMC, IFC द्वारा नालों की सफाई लगातार की जा रही है।"












Click it and Unblock the Notifications