Delhi Today: कोहरे की चादर में ठंड से ठिठुर रही दिल्ली, चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ बढ़ेगी राजनीतिक सरगर्मी
Delhi Today: दिल्ली में मंगलवार सुबह ठंड का जोर रहा, तापमान बेहद कम हो गया और ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। घने कोहरे ने पूरी दिल्ली को ढक लिया। मौसम विभाग ने दिन में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जताई है।
घने कोहरे की वजह से रेल यातायात पर असर पड़ा है। 25 ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जिनमें पूरवा एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, आरजेपीबी तेजस एक्सप्रेस, पातालकोट एक्सप्रेस और मेवाड़ एक्सप्रेस शामिल हैं।

दिल्ली विधानसभा चुनाव की घोषणा आज
चुनाव आयोग आज यानी 7 जनवरी, 2025 को दिल्ली विधानसभा चुनाव का शेड्यूल जारी करेगा। इसके लिए आयोग ने दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है, इसलिए उससे पहले चुनाव कराए जाएंगे। आमतौर पर दिल्ली में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में होते हैं।
ये भी पढ़ें: Delhi Election 2025 Dates: आज होगा दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, कहां देखें लाइव प्रसारण?
चुनाव से पहले बयानबाजी तेज
चुनाव नजदीक आते ही बयानबाजी भी तेज हो गई है। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी (AAP) नेताओं राघव चड्ढा और संजय सिंह पर चुनाव अधिकारी को धमकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने इन नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
'लोकतंत्र की हत्या' की साजिश का आरोप
यह विवाद तब सामने आया जब नई दिल्ली जिला चुनाव अधिकारी ने दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी को एक पत्र लिखकर आम आदमी पार्टी के नेताओं द्वारा वोटर डिलीशन (मतदाता नाम हटाने) के आरोपों की शिकायत की। सचदेवा ने दिल्ली के पूर्मुव ख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री आतिशी, संजय सिंह और राघव चड्ढा पर 'लोकतंत्र की हत्या' की साजिश का आरोप भी लगाया।
कांग्रेस का AAP-BJP पर निशाना
वहीं, कांग्रेस नेता अलका लांबा ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली और केंद्र सरकार दोनों के खिलाफ जनता में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में दिल्ली की जनता ने मौजूदा सरकार के कामकाज को देखा और उनकी तुलना पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल से की। लांबा ने दावा किया कि इस बार दिल्ली की जनता कांग्रेस को वोट देगी।
आगामी चुनाव पर सभी की नजरें
चुनाव आयोग की घोषणा के साथ दिल्ली विधानसभा चुनाव की हलचल और तेज हो जाएगी। हर पार्टी अपनी रणनीति बनाने में जुटी हुई है, और दिल्ली की जनता ने एक बार फिर अपने फैसले पर मंथन शुरू कर दिया है।
ये भी पढ़ें: Weather News: दिल्ली में बारिश से बढ़ी ठंड, UP में कोहरे का कहर! जानें आज कहां Rain अलर्ट?












Click it and Unblock the Notifications