Delhi Today: सरकार ने कर ली बुजुर्गों की पेंशन बढ़ाने की तैयारी, 1984 दंगों के पीड़ितों को मिली नौकरी
Delhi Today: दिल्ली सरकार बुजुर्गों और दिव्यांगों की पेंशन में हर महीने 500 रुपये बढ़ाने की तैयारी में है। 60-69 साल के बुजुर्गों को अब 2500 रुपये और 70 साल से ऊपर वालों को 3000 रुपये मिलेंगे। इससे 5.3 लाख बुजुर्ग और 1.2 लाख दिव्यांग लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरकार के 100 दिन पूरे होने पर रिपोर्ट कार्ड पेश करने की बात कही और बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए हर 1000 लोगों पर 3 अस्पताल बेड का लक्ष्य तय किया गया है। साथ ही 1984 दंगों में मारे गए लोगों के परिजनों को सरकारी नौकरी दी गई है, जिसे सीएम ने अधिकारों की बहाली बताया।

बुजुर्गों और दिव्यांगों को हर महीने 500 रुपये ज्यादा मिलेंगे
दिल्ली सरकार बुजुर्गों और दिव्यांगों को मिलने वाली पेंशन में हर महीने 500 रुपये बढ़ाने की योजना बना रही है। समाज कल्याण विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट को सौंप दिया है। अब यह फाइल वित्त विभाग के पास भेजी गई है, जहां से हरी झंडी मिलने के बाद इसे फिर से कैबिनेट में मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: CM धामी और BJP प्रदेश अध्यक्ष भट्ट की दिल्ली में मुलाकात से चढ़ा सियासी पारा, जानिए इसके सियासी मायने
60 से 69 साल के बुजुर्गों को मिलेंगे 2500 रुपये
नई योजना के तहत 60 से 69 साल के बुजुर्गों को हर महीने 2500 रुपये पेंशन मिलेगी, जो पहले 2000 रुपये मिलती थी। वहीं 70 साल से ऊपर के लोगों को अब 3000 रुपये मिलेंगे, जबकि पहले यह राशि 2500 रुपये थी। इस फैसले से लगभग 5.3 लाख बुजुर्गों और 1.2 लाख दिव्यांगों को सीधा फायदा होगा।
100 दिन पूरे होने पर सरकार का रिपोर्ट कार्ड
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार 30 मई को 100 दिन पूरे कर रही है और 31 मई को जनता के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करेगी। सीएम गुप्ता शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के पीतमपुरा स्थित एसयू ब्लॉक पार्क में फुटपाथ निर्माण की आधारशिला रखने पहुंची थीं।
यहां उन्होंने कहा, "मैं बड़े वादे नहीं करती, लेकिन इतना जरूर कहती हूं कि दिल्ली को अब एक ऐसी सरकार मिली है जो लोगों की समस्याएं कम करने का काम कर रही है। आपका भरोसा ही हमारी मेहनत है।"
3 बेड प्रति 1000 लोगों का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार का लक्ष्य राजधानी में हर 1000 लोगों पर 3 अस्पताल बेड की व्यवस्था करना है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की वजह से स्वास्थ्य सेवाएं काफी पीछे थीं, लेकिन अब इसे सुधारा जा रहा है।
दंगों में मारे गए लोगों के परिजनों को नौकरी
1984 के दंगों को याद करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह भारत के इतिहास का एक काला अध्याय है। मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में उन्होंने उन परिवारों को सरकारी नौकरी की नियुक्ति पत्र सौंपे, जिनके अपने दंगों में मारे गए थे।
रेखा गुप्ता ने कहा, "हम बीता हुआ समय नहीं बदल सकते, लेकिन वर्तमान को बेहतर जरूर बना सकते हैं। यह सिर्फ एक प्रशासनिक फैसला नहीं है, बल्कि अधिकारों की बहाली है।" राजस्व विभाग में मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) के पदों पर 19 लोगों को नियुक्ति पत्र दिए गए। कई लोगों की आंखें इस मौके पर नम हो गईं।
ये भी पढ़ें: कौन है CRPF जवान मोती राम जाट, जो कर रहा था पाकिस्तान के लिए जासूसी? NIA ने दिल्ली से किया गिरफ्तार












Click it and Unblock the Notifications