Delhi Slap Row: थप्पड़ कांड में बुरे फंसे PWD मंत्री प्रवेश वर्मा! NCR दर्ज, AAP MLA जरनैल सिंह पर भी केस
Delhi Slap Row: दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निर्माण के निरीक्षण के दौरान हुए थप्पड़ विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। दिल्ली पुलिस ने लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा के खिलाफ एक व्यक्ति की शिकायत पर गैर-संज्ञेय रिपोर्ट (NCR) दर्ज की है।
वहीं, PWD अधिकारियों की शिकायत के आधार पर आम आदमी पार्टी (AAP) के तिलक नगर विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने के आरोपों में मामला दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।

क्या है पूरा विवाद?
मामला रविवार, 27 सितंबर को पश्चिमी दिल्ली में सड़क निर्माण के निरीक्षण से जुड़ा है। प्रवेश वर्मा इलाके में सड़क निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान तिलक नगर से AAP विधायक जरनैल सिंह भी वहां पहुंचे और सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। वायरल वीडियो में जरनैल सिंह को नई बिछाई गई सड़क की परत को हाथ से निकालते हुए देखा गया। इसके बाद मंत्री और विधायक के बीच बहस हुई। इसी दौरान एक युवक के साथ प्रवेश वर्मा की कहासुनी हुई और वीडियो में मंत्री उसे थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। युवक की पहचान साहिब सिंह के रूप में हुई है, जो जरनैल सिंह की टीम से जुड़ा बताया गया है।
प्रवेश वर्मा के खिलाफ किस आधार पर NCR?
साहिब सिंह की शिकायत पर पुलिस ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115 के तहत स्वेच्छा से चोट पहुंचाने के आरोप में NCR दर्ज की है। NCR और FIR में कानूनी तौर पर अंतर होता है।
NCR दर्ज होने का मतलब क्या है?
गैर-संज्ञेय मामले में पुलिस सामान्य तौर पर मजिस्ट्रेट की अनुमति के बिना नियमित जांच शुरू नहीं कर सकती और ऐसे मामले में बिना वारंट गिरफ्तारी का अधिकार भी नहीं होता। इसलिए NCR को FIR के समान नहीं माना जाता।
मंत्री ने थप्पड़ मारने पर क्या कहा?
प्रवेश वर्मा ने घटना को लेकर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि मौके पर मौजूद AAP के एक कार्यकर्ता ने उनके परिवार के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा कि वह गुस्से में प्रतिक्रिया दे बैठे और साथ ही यह भी कहा कि जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था। वर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि AAP कार्यकर्ता सड़क निरीक्षण के दौरान सरकारी अधिकारियों के काम में बाधा डाल रहे थे।
AAP विधायक जरनैल सिंह पर क्या आरोप?
PWD अधिकारियों की ओर से जरनैल सिंह और उनके साथ मौजूद लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई। आरोप है कि उन्होंने सरकारी कर्मचारियों को उनके आधिकारिक काम करने से रोका और निर्माण स्थल पर अधिकारियों के साथ कथित तौर पर दबाव या दुर्व्यवहार किया।
पुलिस के मुताबिक, इस विवाद से जुड़ी शिकायतों की जांच की जा रही है। 28 सितंबर की शाम तक पुलिस ने कुल पांच शिकायतें मिलने की जानकारी दी थी। एक साहिब सिंह की, दो PWD कर्मचारियों की जरनैल सिंह और अन्य के खिलाफ व दो बीजेपी कार्यकर्ताओं की मंत्री के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर।
विवाद की असली वजह क्या थी?
पूरे विवाद की शुरुआत सड़क की गुणवत्ता को लेकर हुई बहस से हुई। AAP विधायक जरनैल सिंह ने सड़क निर्माण पर सवाल उठाए, जबकि मंत्री प्रवेश वर्मा सड़क कार्य का निरीक्षण कर रहे थे। जरनैल सिंह का आरोप है कि सड़क की गुणवत्ता खराब है। दूसरी ओर, वर्मा ने आरोप लगाया कि निरीक्षण के दौरान AAP से जुड़े लोगों ने सरकारी अधिकारियों के काम में बाधा डाली और उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। दोनों पक्षों के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
अब आगे क्या होगा?
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और घटनास्थल पर मौजूद वीडियो व अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सड़क निरीक्षण के दौरान घटनाक्रम किस क्रम में हुआ और किसकी क्या भूमिका रही?


Click it and Unblock the Notifications
