दिल्ली: चलती बस में मोहम्मद अनस को चाकुओं से गोदा जाता रहा, सब तमाशबीन बने देखते रहे
नई दिल्ली। शुक्रवार को दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में 19 साल के लड़के अनस की चाकूओं से गोदकर हत्या किए जाने के मामले में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। अनस पर जिस वक्त चलती हुई बस में पांच स्कूली लड़के चाकूओं से हमला कर रहे थे, उस वक्त बस में काफी सवारियां थीं। अनस पर लगातार वार होते रहे लेकिन किसी ने भी ना तो हत्यारों को रोकने की कोशिश की और ना ही उनका कोई विरोध किया। कंडक्टर ने घटना के बाद पीसीआर को फोन किया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने अनस को एम्स ट्रोमा सेंटर पहुंचाया लेकिन तब तक अनस दम तोड़ चुका था।

अनस के परिजनों का साफ कहना है कि वारदात के वक्त बस में काफी लोग मौजूद थे लेकिन किसी ने भी उसकी मदद नहीं की, अगर किसी ने उसकी मदद की होती तो शायद उसकी जान बच सकती थी। अनस के पिता ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में बताया कि अनस बीकॉम का छात्र था। उन्होंने बताया कि मेरी गाड़ी खराब हो गई थी और मैंने अपनी पत्नी से फोन कर अनस को 1500 रुपए लेकर उसे आश्रम चौक भेजने के लिए कहा था। वो बस से आ रहा था कि ये सब हुआ।
डीसीपी रोमिल बानिया ने बताया है कि मामले में पांच नाबालिग लड़कों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ये आठवीं, नौवीं और दसवीं के छात्र हैं। बानिया के अनुसार इन लड़कों का अनस से फोन को लेकर झगड़ा हुआ था। उन्होंने अनस का फोन छीना और चाकू से उस पर कई वार कर फरार हो गए। बस कंडक्टर के पुलिस को दिए बयान के मुताबिक, घटना गुरुवार दोपहर करीब 3:45 की है।












Click it and Unblock the Notifications