Delhi RRTS Corridor: PM मोदी 22 फरवरी को करेंगे सराय काले खां RRTS स्टेशन का उद्घाटन, मेरठ मेट्रो भी होगी शुरू
Delhi RRTS Corridor Sarai Kale Khan RRTS station: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के यात्रियों के लिए 22 फरवरी बड़ी तारीख साबित होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सराय काले खां RRTS स्टेशन का उद्घाटन करेंगे और इसी के साथ दिल्ली गाजियाबाद मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम का पूरा कॉरिडोर आम जनता के लिए खुल जाएगा। साथ ही मेरठ मेट्रो कॉरिडोर की भी शुरुआत होगी। इससे दिल्ली से मेरठ के बीच तेज और आधुनिक यात्रा का सपना पूरी तरह साकार हो जाएगा।
सबसे बड़ा और रणनीतिक स्टेशन
82 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर सराय काले खां स्टेशन सबसे बड़ा स्टेशन है। इसे एक मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया गया है, जहां रैपिड रेल, रेलवे, मेट्रो और बस सेवाएं आपस में जुड़ेंगी। स्टेशन हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, वीर हकीकत राय ISBT और रिंग रोड के बेहद करीब स्थित है, जिससे यह यात्रियों के लिए बेहद सुविधाजनक बन जाता है।

दिल्ली सेक्शन में यही स्टेशन RRTS का टर्मिनल प्वाइंट होगा। भविष्य में अलवर और पानीपत की ओर बनने वाले RRTS कॉरिडोर के लिए भी यही प्रमुख इंटरचेंज हब रहेगा।
यात्रियों के लिए खास सुविधाएं
नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन यानी National Capital Region Transport Corporation इस स्टेशन को पूरी तरह यात्री केंद्रित बनाने पर काम कर रहा है। एलिवेटेड स्टेशन के नीचे 40 से अधिक वाहनों के लिए समर्पित पिकअप और ड्रॉप जोन बनाया जा रहा है। इसके अलावा 15 से ज्यादा बसों की पार्किंग क्षमता वाला सिटी बस इंटरचेंज भी विकसित हो रहा है।
यात्रियों को व्यस्त सड़कों को पार न करना पड़े, इसके लिए अलग पैदल मार्ग तैयार किए जा रहे हैं। स्टेशन से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन तक करीब 280 मीटर लंबा फुट ओवरब्रिज बनाया जा रहा है, जिसमें छह ट्रैवलेटर लगाए जाएंगे। इससे सफर और भी आसान और सुरक्षित हो जाएगा।
स्टेशन की भव्य संरचना
सराय काले खां स्टेशन 215 मीटर लंबा, 50 मीटर चौड़ा और 15 मीटर ऊंचा है। यहां पांच एंट्री और एग्जिट गेट, 14 लिफ्ट और 18 एस्केलेटर लगाए गए हैं। 14 किलोमीटर के दिल्ली सेक्शन में सराय काले खां, न्यू अशोक नगर और आनंद विहार स्टेशन शामिल हैं, जिनमें 9 किलोमीटर एलिवेटेड और 5 किलोमीटर अंडरग्राउंड ट्रैक है। फिलहाल इस हिस्से में ट्रैक बिछाने और ओवरहेड विद्युतीकरण का काम जारी है।
अभी नमो भारत ट्रेनें गाजियाबाद के साहिबाबाद से मेरठ के मोदी नगर नॉर्थ तक 34 किलोमीटर के आठ स्टेशनों पर चल रही हैं। सराय काले खां स्टेशन के शुरू होते ही दिल्ली से मेरठ के बीच क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलेगी और लाखों यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक सफर का लाभ मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications