Delhi Red Fort Blast: कार विस्फोट से दहली दिल्ली, धमाका इतना तेज चारों तरफ धुआं और चीखें गूंज उठीं
Delhi Red Fort Blast: दिल्ली में सोमवार, 10 नवंबर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ऐतिहासिक लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास पार्किंग में खड़ी एक कार में जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 24 से अधिक लोग घायल हुए हैं। ब्लास्ट के बाद दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनआईए की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं।

धमाका करीब 6:55 बजे हुआ
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार शाम लगभग 6:55 बजे यह धमाका हुआ। फोर्ट मेट्रो स्टेशन की पार्किंग-1 में खड़ी एक सफेद रंग की इको कार अचानक आग के गोले में बदल गई। कुछ ही सेकंडों में आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास खड़ी तीन से चार गाड़ियां और कई बाइक भी इसकी चपेट में आ गईं। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनी गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
धमाके के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। कई लोग जान बचाकर भागने लगे। वहीं कुछ लोग ब्लास्ट के फोटो और वीडियो बनाने लगे। कुछ ही देर में दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, और एम्बुलेंस घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने तुरंत इलाके को कॉरडन (घेराबंदी) कर लिया और आम लोगों को दूर किया गया।
फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाने में करीब 45 मिनट का समय लिया। घायल लोगों को तुरंत LNJP अस्पताल और अरुणा आसफ अली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
NIA और NSG मौके पर
धमाके की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने तुरंत राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की कॉर्डनिंग (सीलिंग) कर ली है। फॉरेंसिक विशेषज्ञ कार के मलबे और आसपास के क्षेत्र से ब्लास्ट के नमूने एकत्र कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि "अभी तक यह कहना मुश्किल है कि धमाका आकस्मिक (Accidental) था या साजिशन (Planned)। कार में क्या रखा था और ब्लास्ट कैसे हुआ, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही की जा सकेगी।"
CRPF के DIG किशोर प्रसाद बोले - "अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी"
घटनास्थल पर पहुंचे CRPF के DIG किशोर प्रसाद ने मीडिया से कहा, "यह कहना अभी बहुत जल्दी होगा कि धमाका कैसे हुआ। मैं फिलहाल मौके का जायजा लेने जा रहा हूं। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह हादसा था या आतंकी हमला।"
दिल्ली समेत कई राज्यों में हाई अलर्ट
घटना के बाद केंद्र सरकार ने दिल्ली, मुंबई, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियों को रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, मॉल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त गश्त और चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। कई फुटेज में देखा गया है कि घटना से कुछ देर पहले एक व्यक्ति कार के पास आता-जाता दिखा, जिसकी पहचान की जा रही है।
घटनास्थल से तस्वीरें चौंकाने वाली
धमाके के बाद की तस्वीरें देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि विस्फोट कितना भयावह था। पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। फर्श पर फैले कांच के टुकड़े और कार के पार्ट्स चारों ओर बिखरे नजर आए। लाशों के टुकड़े ऐसे बिखरे पड़े थे जिसे देखकर हर किसी की रुह कांप जाएगी। पुलिसकर्मी घायलों को उठाकर एम्बुलेंस में डालते दिखे। मौके पर मौजूद लोगों ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि "ऐसा लगा जैसे बम फटा हो।"
जांच जारी, दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई
दिल्ली पुलिस ने कहा कि ब्लास्ट की जांच के लिए स्पेशल टीम गठित की गई है। जांच में IB (इंटेलिजेंस ब्यूरो) की भी मदद ली जा रही है। पुलिस ने सभी पार्किंग स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है और लाल किले के आसपास सुरक्षा घेरा और मजबूत किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications