दिल्ली में कोविड अस्पताल से सिर्फ 13 KM दूर है डॉ. अजीत का घर, लेकिन मरीजों की वजह से 6 माह बाद लौट पाए
नई दिल्ली। डॉक्टर भगवान का रूप होते हैं, यह कहावत कोरोना महामारी के इन दिनों शायद सबने मानी। देशभर के विभिन्न इलाकों से कई डॉक्टर-नर्सों की तो ऐसी कहानी सामने आईं, जिन्हें सुनकर आंखें भर आएंगी। आज यहां जिक्र हो रहा है दिल्ली के ताहिरपुर स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में कोविड केयर नोडल अधिकारी के पद पर कार्यरत डॉ. अजीत जैन का।

डॉ. अजीत जैन वो शख्स हैं, जिनका घर उनके अस्पताल से महज 13 किलोमीटर दूर है। मगर, कोरोना महामारी जब से फैली वो घर नहीं गए। बल्कि कोरोना मरीजों की सेवा में वो इस कदर जुटे रहे कि करीब 6 महीने के बाद शनिवार को उनका अस्पताल से अपने घर जाना हुआ।

उन्हें घर आया देखकर परिजनों की आंखों से आंसू छलक पड़े। उनकी बेटी से लेकर पड़ोसी तक उनका इंतजार करते दिखे। उनका जोरदार स्वागत किया गया। यह सब दृश्य इसलिए देखने को मिला क्योंकि, अजीज ऐसे डॉक्टर साबित हुए, जिन्होंंने कोरोना संकट की इस घड़ी में अपने घर-परिवार को भूलकर खुद को लोगों के प्रति समर्पित कर दिया।
डॉ. अजीत अपने अस्पताल में छह महीने तक लगातार रहे और मरीजों के लिए काम करते रहे। लगातार 170 दिन काम करने के बाद अब जब वो घर आए तो घरवालों को उनकी शक्ल में कुछ बदलाव साफ नजर आया। उनका सम्मान ऐसे किया गया कि जैसे कोई सैनिक सीमा से जंग जीतकर लौटा हो। उनकी आरती उतारी गई और तिलक भी लगाया गया। डॉ. अजीत ने बताया कि,पिछले छह महीनों वह सिर्फ एक बार अस्पताल से बाहर निकले। क्योंकि, उन्हें 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना था।












Click it and Unblock the Notifications