Delhi Rain: दिल्ली में अचानक क्यों आया मौसम का तूफान, जानिए IMD की चेतावनी
Delhi rain alert: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह तेज बारिश और आंधी तूफान ने भारी तबाही मचाई। इस दौरान एक मकान ढह गया, जिसमें चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में जलभराव से ट्रैफिक जाम हो गया, वहीं उड़ानों के संचालन में भी खलल पड़ा।
आईएमडी ने कई रेड अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, मौसम में अचानक बदलाव होने के पीछे पश्चिमी विक्षोभ और दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन जिम्मेदार हैं।

Delhi rain alert: आईएमडी ने जारी किया रेड अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अत्यधिक सतर्क रहें और आवश्यक सावधानियां बरतें। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में मध्यम से भारी वर्षा, तेज आंधी और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 70-80 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा की भी संभावना है, जबकि कई हिस्सों में भारी वर्षा और आंधी का खतरा बना हुआ है।
Delhi rain alert: मौसम में बदलाव का कारण
इंडिया टूडे की रिपोर्ट के मुताबिक मौसम विभाग ने बताया कि मौसम में हुए अचानक बदलाव के पीछे नमी और हवा के पैटर्न का संयोजन है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों से आई नमी ने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में हवाओं के साथ मिलकर वायुमंडल में अस्थिरता उत्पन्न की। इससे भारी बारिश और तूफानी हवाओं की स्थिति बनी।
पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवात कई जगहों पर बदले मौसम के प्रमुख कारण हैं। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने इंडिया टूडे से कहा, "यह कोई आकस्मिक घटना नहीं थी। यह मौसम प्रणाली पहले से ही रडार पर थी और हमने इसके लिए पूर्वानुमान जारी किया था। दो ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवात-एक दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और दूसरा पूर्वोत्तर राजस्थान और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के पास-इस प्रणाली को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहे थे।"
Delhi rain alert: तेज हवाओं और नमी बना तूफान का कारण
दिल्ली में निचले स्तरों पर 50 किमी/घंटा की रफ्तार से दक्षिण-पूर्वी हवाएं चल रही थीं, जिससे गर्म और नम हवा तेजी से ऊपर उठी। इससे वातावरण में अस्थिरता आई और दिल्ली-एनसीआर सहित हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के हिस्सों में भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ तूफान आए।
तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। इसके साथ ही दिल्ली एयरपोर्ट पर कई उड़ानों में देरी हुई, वहीं कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। कुछ क्षेत्रों में ओले गिरे तो पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी चली।
Delhi rain alert: लू से मिल सकती है राहत
आईएमडी ने कहा कि मई के महीने में ऐसे तूफानों की घटनाएं सामान्य होती हैं क्योंकि इस समय गर्मी और नमी का स्तर चरम पर होता है। अगले कुछ दिनों में उत्तर और पूर्व भारत में इस तरह का मौसम बना रह सकता है, जिससे चल रही लू से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
महापात्रा ने यह भी बताया कि 'मिशन मौसम' के अंतर्गत रडार की संख्या 40 से बढ़ाकर 126 की जाएगी। साथ ही, 25 माइक्रो रेडियोमीटर लगाए जाएंगे जो लगातार वातावरण में नमी और तापमान की प्रोफाइलिंग करेंगे। फिलहाल यह डेटा दिन में केवल दो बार ही मिल पाता है, लेकिन अब यह रीयल-टाइम में उपलब्ध होगा।












Click it and Unblock the Notifications