Delhi Rain Alert: दिल्ली वाले रहें सावधान! फिर बरस सकती है 'आसमानी आफत', ये है IMD का ताजा अपडेट
Delhi Rain News: पिछले दो दिन से भारी बारिश से बेहाल दिल्लीवासियों के लिए एक बार फिर मुसीबतें बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान तेज हवाओं के साथ भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
आलम ये है कि शनिवार को हुई भारी बारिश के बाद आज रविवार को भी कई क्षेत्रों और ओखला अंडरपास में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए ओखला अंडरपास पर यातायात पर प्रतिबंध लगा दिया है। दिल्ली पुलिस ने एक्स पर पोस्ट करते हुए यह जानकारी दी है कि "जलभराव के कारण ओखला अंडरपास पर यातायात प्रतिबंधित है। कृपया अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाएं।"
भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव
बता दें कि शुक्रवार और शनिवार को दिल्ली एनसीआर में कई इलाकों में भारी बारिश हुई। जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया। इससे लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। पुलिस ने बताया कि ओखला अंडरपास में पानी जमा होने से 60 वर्षीय एक व्यक्ति डूब गया। इसी तरह उत्तर पश्चिमी दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में सिरसपुर अंडरपास में भारी बारिश से पानी भर जाने के कारण उसमें दो लड़कों की डूबने से मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली में बारिश के कारण कुल 11 लोगों की मौत हुई है।
फिर बरस सकती है आसमानी आफत!
भारतीय मौसम विभाग की वैज्ञानिक सोमा सेन ने बताया कि दिल्ली और उसके आस पास के क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। अगले एक हफ्ते दिल्ली में बारिश देखने को मिल सकती है। उन्होंने बताया कि आने वाले दो दिनों में उत्तर भारत में बारिश बढ़ने की उम्मीद है। मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश में आगे बढ़ गया है, ऐसे में अगले दो तीन दिन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश व हरियाणा में तेज बारिश का दौर शुरू होगा।
अधिकांश राज्यों में मानसूनी बारिश
मौसम विभाग ने दिल्ली के अलावा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, छत्तीसगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि पूरे मध्य भारत व उत्तर भारतीय राज्यों में भारी बारिश होगी।












Click it and Unblock the Notifications