हवा जहरीली, पानी गंदा, फिर भी सरकार 18% GST ले रही! केजरीवाल ने की Air Purifiers पर टैक्स हटाने की मांग
दिल्ली में लगातार बढ़ते प्रदूषण के खतरनाक स्तर के बीच आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने साफ हवा और पानी को हर नागरिक का बुनियादी अधिकार बताते हुए, एयर और वॉटर प्यूरीफायर पर लगने वाले 18% GST को तुरंत हटाने की मांग की है।
वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी बीजेपी शासित एमसीडी (MCD) और केंद्र पर प्रदूषण को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ट्वीट करते हुए कहा कि दिल्ली सहित उत्तर भारत में हवा जानलेवा हो चुकी है, लेकिन समाधान देने के बजाय सरकार जनता से टैक्स वसूल रही है।

केजरीवाल ने कहा कि, 'साफ हवा और साफ पानी हर नागरिक का बुनियादी अधिकार है।' लोग अपने परिवार को प्रदूषण से बचाने के लिए एयर प्यूरीफ़ायर लेने जाते हैं, और वहां पता चलता है कि सरकार उस पर 18% GST वसूल रही है। ये सरासर अन्याय है।' मैं केंद्र सरकार से मांग करता हूं कि एयर और वॉटर प्यूरीफ़ायर पर लगाया गया GST तुरंत हटाया जाए। समाधान नहीं दे सकते तो कम से कम जनता की जेब पर बोझ डालना बंद कीजिए।'
AAP का बीजेपी और रेखा गुप्ता सरकार पर हमला
आम आदमी पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्वीट के माध्यम से बीजेपी और एमसीडी की रेखा गुप्ता सरकार पर तीखे आरोप लगाए हैं, जिसमें प्रदूषण और सरकारी खर्च का मुद्दा उठाया गया है।
AAP के आरोप:
- दोहरा मापदंड: AAP ने आरोप लगाया कि रेखा गुप्ता सरकार ने अपने मंत्रियों के लिए साढ़े 5 लाख रुपए के एयर प्यूरीफायर लगवाए हैं, लेकिन दिल्ली की जनता जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर है।
- दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर: पार्टी ने लिखा, 'BJP सरकार ने दिल्ली को बना दिया दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर!'
- डेटा चोरी का आरोप: AAP ने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रदूषण लगातार खतरनाक रूप धारण कर रहा है और अस्पतालों के बाहर मरीजों की लाइनें बढ़ रही हैं, लेकिन रेखा गुप्ता सरकार डेटा चोरी करके यह कह रही है कि 'सब ठीक है'।
- न्यायाधीश का बयान: AAP ने यह भी उल्लेख किया कि देश के मुख्य न्यायाधीश तक को कहना पड़ रहा है कि प्रदूषण की वजह से उनकी तबीयत ख़राब हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications