Delhi AQI Today: दो दिन राहत के बाद फिर बिगड़े दिल्ली के हालात, क्यों बढ़ रहा है हवा में फिर से जहर?
Delhi AQI Today: दिल्ली की हवा एक बार फिर लोगों की सांसों पर भारी पड़ने लगी है। दो दिन की हल्की राहत के बाद शुक्रवार को राजधानी में प्रदूषण का स्तर फिर तेजी से बढ़ गया। सुबह से ही धुंध और जहरीली हवा का असर दिखने लगा, जिससे आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत की शिकायतें सामने आईं।
AQI के फिर से 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंचने से करीब साढ़े तीन करोड़ लोगों की चिंता बढ़ गई है। आने वाले दिनों में मौसम और प्रदूषण मिलकर हालात को और मुश्किल बना सकते हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 332 दर्ज किया गया। यह स्तर 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। कई इलाकों में AQI 400 से ऊपर पहुंच गया, जो 'गंभीर' माना जाता है।

दो दिन की राहत के बाद फिर बिगड़ा हाल
इससे पहले दिल्ली का औसत AQI 271 दर्ज हुआ था, जो 'खराब' श्रेणी में था। गुरुवार को AQI में सुधार दिखा था और AQI 234 तक आ गया। इन दो दिनों में लोगों को सांस लेने में थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन कल से हालात फिर बिगड़ गए।
ये भी पढ़ें: Aaj Ka Mausam: दिल्ली-यूपी में छाया घना कोहरा, कई राज्यों में शीतलहर का अलर्ट, IMD का ताजा अपडेट डराने वाला
8 स्टेशन 'गंभीर' स्तर पर
CPCB के SAMEER ऐप के मुताबिक, दिल्ली के 38 सक्रिय एयर क्वालिटी स्टेशनों में से 8 स्टेशनों पर AQI 400 से ज्यादा दर्ज किया गया। इनमें आनंद विहार, बवाना, डीटीयू, जहांगीरपुरी, नरेला, नेहरू नगर, रोहिणी और विवेक विहार शामिल हैं। इसके अलावा 20 स्टेशन 'बहुत खराब' और 9 स्टेशन 'खराब' श्रेणी में रहे।
AQI का पैमाना क्या कहता है
CPCB के मानकों के अनुसार,
- 0 से 50 : अच्छा
- 51 से 100 : संतोषजनक
- 101 से 200 : मध्यम
- 201 से 300 : खराब
- 301 से 400 : बहुत खराब
- 401 से 500 : गंभीर
- प्रदूषण के मुख्य कारण क्या रहे
एयर क्वालिटी मैनेजमेंट के लिए बने डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (DSS) के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली में प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण वाहन रहे। वाहनों से निकलने वाला धुआं कुल प्रदूषण में करीब 19.7 प्रतिशत रहा। इसके बाद दिल्ली और आसपास के इलाकों की फैक्ट्रियों का योगदान 10.1 प्रतिशत और घरों से निकलने वाले प्रदूषण का हिस्सा 4.9 प्रतिशत दर्ज किया गया।
एनसीआर जिलों से भी बढ़ा प्रदूषण
एनसीआर के कई जिलों से भी प्रदूषण दिल्ली तक पहुंचा। हरियाणा का झज्जर जिला सबसे बड़ा योगदानकर्ता रहा, जिसका हिस्सा करीब 20 प्रतिशत बताया गया। इसके अलावा सोनीपत और पानीपत से 4-4 प्रतिशत, गुरुग्राम से 4 प्रतिशत और रोहतक से 2.3 प्रतिशत प्रदूषण दिल्ली में जुड़ा। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के अनुसार, आने वाले छह दिनों तक दिल्ली की हवा 'बहुत खराब' श्रेणी में ही रहने की संभावना है। यानी फिलहाल प्रदूषण से राहत मिलने के आसार कम हैं।
मौसम भी बढ़ा रहा परेशानी
मौसम की बात करें तो भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ा कम था। नमी का स्तर 66 प्रतिशत से लेकर 100 प्रतिशत तक दर्ज किया गया।
घने कोहरे की चेतावनी
IMD का अनुमान है कि शनिवार को अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। आने वाले कुछ दिनों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
ये भी पढ़ें: Delhi AQI Today: दमघोंटू हवा! AQI का स्तर हुआ और भी हाई, कैंसिल हुईं 120 से ज्यादा फ्लाइट्स











Click it and Unblock the Notifications