Delhi Pollution: प्रदूषण को लेकर LG के लेटर पर AAP नेशनल मीडिया इंचार्ज अनुराग ढांडा ने किया पलटवार
Delhi Pollution:दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के मुद्दे पर उपराज्यपाल (LG) वी.के. सक्सेना और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच राजनीतिक तकरार एक बार फिर गरमा गई है। इस विवाद ने तब और जोर पकड़ लिया, जब एलजी सक्सेना ने केजरीवाल को 15 पन्नों की चिट्ठी लिखी, जिस पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने तीखा पलटवार किया है।
उपराज्यपाल ने अपने पत्र में केजरीवाल पर राजधानी को 'गैस चैंबर' में बदलने और पिछले 11 सालों से "आपराधिक निष्क्रियता" बरतने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में आपातकालीन प्रदूषण आज केजरीवाल सरकार की गलत नीतियों और उपेक्षा का सीधा परिणाम है।

एलजी सक्सेना ने एक सनसनीखेज खुलासे में कहा कि जब उन्होंने खुद प्रदूषण पर केजरीवाल से बात की थी, तो उनका जवाब था, "सर, यह हर साल होता है। 15-20 दिन मीडिया इसे उठाती है, फिर सब भूल जाते हैं। आप भी इस पर ज्यादा ध्यान मत दीजिए।"
उपराज्यपाल ने अपनी चिट्ठी में यह भी आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने राजनीतिक मर्यादाओं, संविधान और लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर किया है। उन्होंने जवाबदेही से बचने के लिए फाइलों पर हस्ताक्षर न करने, साप्ताहिक कैबिनेट बैठकों की परंपरा खत्म करने और सीएजी रिपोर्टों को विधानसभा में पेश न करने जैसे कदम उठाए।
सक्सेना ने आम आदमी पार्टी प्रमुख पर "तुच्छ राजनीतिक लाभ" के लिए दस महीने पुरानी भाजपा सरकार के समक्ष "अनावश्यक जटिलताएं" पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार, AAP की गलतियों को सुधारने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
उधर, आम आदमी पार्टी ने एलजी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन पर पलटवार किया। पार्टी ने कहा कि दिल्ली गंभीर प्रदूषण की चपेट में है, लेकिन एलजी दिल्लीवासियों को इसी हाल में छोड़कर गुजरात में समय बिता रहे हैं।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि प्रदूषण का असर एलजी की याददाश्त पर पड़ गया है। उन्होंने कहा कि एलजी यह भूल गए हैं कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हैं, न कि अरविंद केजरीवाल, और वे बार-बार केजरीवाल का नाम लेकर राजनीतिक भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
ढांडा ने यह भी दावा किया कि दिल्ली सरकार प्रदूषण, स्वास्थ्य और प्रशासनिक जिम्मेदारियों जैसे असल मुद्दों पर "पूरी तरह विफल" हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि एलजी को आगे करके बयानबाजी केवल इस "नाकामी से ध्यान भटकाने" की कोशिश है।
उपराज्यपाल ने अपने पत्र में गजल की लाइन लिखी "जब किसी से कोई गिला रखना, सामने अपने आईना रखना।" उन्होंने बताया कि वे इन चिंताओं को व्यक्तिगत रूप से या फोन पर भी व्यक्त कर सकते थे, लेकिन चुनावी हार के बाद केजरीवाल ने उनसे मिलना बंद कर दिया और उनका नंबर ब्लॉक कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications