'सब बेनकाब हो जाएगा, कभी सत्ता के करीब नहीं आएंगे केजरीवाल', मनोज तिवारी ने बोला AAP पर बड़ा हमला
Delhi BJP: दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर घोटाले को लेकर हंगामा मच गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि "केजरीवाल सरकार ने CAG (नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक) की रिपोर्ट को जानबूझकर दबा दिया और 2000 करोड़ रूपए का घोटाला किया है।"
मनोज तिवारी ने कहा, "केजरीवाल सरकार पारदर्शिता की बात करती है, लेकिन हकीकत यह है कि उसने CAG रिपोर्ट को 6 महीने तक दबाए रखा।" उन्होंने यह भी दावा किया कि इस रिपोर्ट के सार्वजनिक होने से दिल्ली की आबकारी नीति, जल बोर्ड और अन्य सरकारी परियोजनाओं में बड़े पैमाने पर हुए घोटाले का खुलासा होगा।

मनोज तिवारी ने बताया कि आज CAG रिपोर्ट दिल्ली विधानसभा में पेश की गई है, लेकिन अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी (AAP) नहीं चाहते थे कि यह रिपोर्ट विधानसभा में रखी जाए। तिवारी ने कहा कि अब यह खुलासा हुआ है कि दिल्ली में 2000 करोड़ का घोटाला हुआ है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल, जो खुद एक इनकम टैक्स अधिकारी हैं, ने इस घोटाले के जरिए भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। मनोज तिवारी ने कहा कि सब बेनकाब हो जाएगा। अरविंद केजरीवाल के इन आपराधिक कृत्यों का नतीजा ऐसा होगा कि दिल्ली की जनता ऐसे लोगों को दोबारा कभी सत्ता के करीब नहीं आने देगी।
वीरेंद्र सचदेवा ने भी बोला आप पर हमला
दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी इस रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, "आज दिल्ली विधानसभा में पेश CAG रिपोर्ट से साफ हो गया है कि अरविंद केजरीवाल की सरकार की शराब नीति में 2002.68 करोड़ का घोटाला हुआ है।" उन्होंने आरोप लगाया कि आआपा की नीतियों से राजस्व में भारी नुकसान हुआ है, जिसमें अवैध रूप से दुकानों का संचालन और लाइसेंस की नीलामी में धोखाधड़ी शामिल है।
सचदेवा ने बताया कि कोरोना महामारी के नाम पर जोनल लाइसेंसियों को 144 करोड़ रूपए की छूट दी गई और सुरक्षा जमा राशि के सही तरीके से न लिए जाने से 27 करोड़ का नुकसान हुआ। उन्होंने कहा, "आपा की शराब नीति में भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन ने दिल्ली की अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान पहुँचाया है।"
मनीष सिसोदिया और अरविंद केजरीवाल पर हमला
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि CAG रिपोर्ट से यह साफ हो गया है कि मनीष सिसोदिया ने सभी रिपोर्टों को नष्ट कर दिया था। अब शराब घोटाले के मामले में अरविंद केजरीवाल, सांसद संजय सिंह और मनीष सिसोदिया को सामने आकर जवाब देना होगा।
यह मामला अब जांच के घेरे में आ चुका है और यह स्पष्ट हो गया है कि दिल्ली की आबकारी नीति में हुए घोटाले के कारण दिल्ली की सरकार की मंशा पर सवाल उठने लगे हैं।
यह भी पढ़ें AAP के विधायक अमानतुल्लाह खान को बड़ी राहत, राऊज एवन्यू कोर्ट ने दी जमानत












Click it and Unblock the Notifications