मेट्रो स्टेशन में लड़की के यौन उत्पीड़न पर दिल्ली पुलिस ने लिया संज्ञान, कहा- जल्द होगी आरोपी की गिरफ्तारी
नई दिल्ली, 3 जून: दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर अपने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली लड़की की शिकायत पर पुलिस ने संज्ञान लिया है। दिल्ली पुलिस की पीआरओ सुमन नलवा ने बताया है कि हमने युवा लड़की के उन ट्वीट्स पर संज्ञान लिया है, जिसमें कहा गया है कि मेट्रो स्टेशन परिसर में उसका यौन उत्पीड़न किया गया है। हम जल्दी ही आरोपी को पकड़ लेंगे। उन्होंने कहा कि लड़की की शिकायत पर इसके बाद मेट्रो पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है और डीसीपी रेलवे भी मामले की जांच कर रही है।

सुमन नलवा ने कहा, ये घटना दोपहर 2 बजे के करीब हुई। सीआईएसएफ कांस्टेबल शायद ऑफ-ड्यूटी था इसलिए उसने लड़की को सीआईएसएफ कंट्रोल रूम से संपर्क करने के लिए कहा। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज को भी देखा है, जिसमें आरोपी को दूसरी मेट्रो में सवार होकर जाते देखा गया। सुमन नलवा ने ये भी बताया है कि वो स्थानीय पुलिस या मेट्रो पुलिस को ऐसे मामलों में आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के लिए तत्काल निर्देश देने के लिए डीएमआरसी के संपर्क में हैं।
क्या है लड़की की शिकायत
गुरुवार को एक लड़की ने सिलसिलेवार ट्वीट करते हुए दिल्ली के जोर बाग मेट्रो स्टेशन पर अपने साथ यौन उत्पीड़न होने का आरोप लगाया है। लड़की ने ट्वीट करते हुए लिखा, दिल्ली मेट्रो में आज जिस दर्दनाक घटना का सामना करना पड़ा, वो मैं सबको बताना जरूरी समझती हूं। आज येलो लाइन मेट्रो पर यात्रा करते समय मुझे जोर बाग स्टेशन पर यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। कैब बुक करने के लिए जब मैं प्लेटफॉर्म पर बैठी थी तो पता पूछने आए शख्स ने मेरे साथ अश्लील हरकतें की। मैं शिकायत लेकर अधिकारी के पास गई तो उसने दूसरे पुलिस अधिकारियों के पास जाने को कहा। मैंने उन्हें सीसीटीवी रूम में ले जाने के लिए कहा ताकि मैं उसे पहचान सकूं। मैंने उसे पहचान भी लिया और ये पूरी घटना कैमरे में कैद है।












Click it and Unblock the Notifications