दिल्ली: पुलिस ने जलती चिता से उतारा महिला का शव, हत्या के शक में पति गिरफ्तार
नई दिल्ली। दिल्ली के नरेला श्मशान घाट से पुलिस ने सोमवार को जलती चिता से महिला के शव को उतार लिया। मृतका के पति को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। श्मशान पर जब पुलिस ने महिला की लाश को जलती चिता को बुझाकर उतारा तो वहां अजीब स्थिति पैदा हो गई। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने पड़ोसियों की शिकायत पर श्मशान घाट पहुंचकर हत्या के शक में मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है।

पति पहुंचा था अंतिम संस्कार के लिए
नरेला के श्मशानघाट पर कन्हैया नाम का शख्स अपनी मृत पत्नी का अंतिम संस्कार करने पहुंचा। उसके साथ चार-पांच लोग ही अंतिम संस्कार के लिए आए हुए थे। ना तो पति के और ना ही मृतका के रिश्तेदार अंतिम संस्कार में थे। चिता को आग लग चुकी थी कि पुलिस ने पहुंच कर आग बुझवा दी। दरअसल, पड़ोसियों को इस बात का शक था कि उसने पत्नी की हत्या की है और वो दोस्तों के साथ उसका अंतिम संस्कार कर रहा है। पड़ोसी तुरंत पुलिस को लेकर श्मशान पहुंचे।

रात में सुनी झगड़े की आवाजें
पड़ोसियों जब पुलिस को लेकर श्मशान पहुंचे तो देखा कि पति अंतिम संस्कार कर रहा है। पड़ोसियों ने बताया कि बीती रात मृतका के घर से लड़ाई झगड़े की आवाजें आ रही थीं। पड़ोसियों की शिकायत पर श्मशान घाट पहुंचे पुलिस और तहसीलदार ने शव को चिता से हटवाया और पोस्टमार्टम के लिए बाबू जगजीवनराम अस्पताल भेज दिया। नरेला थाना पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पति बदल रहा बयान
पुलिस ने बताया कि पहले तो पति ने बीती रात अपनी पत्नी की नैचुरल मौत की बात कही लेकिन इसके बाद वह कहने लगा कि उसकी पत्नी ने खुदकुशी की है। पुलिस ने बताया कि खुदकुशी का मामला हो तो भी बिना पुलिस और मृतका के परिजनों को सूचित किए अंतिम संस्कार करना शक पैदा करता है। पुलिस ने बताया कि कन्हैया का अपनी पत्नी नीलम से साल भर का एक बच्चा भी है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया है। आरोपी पति से पुलिस से पूछताछ कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications