Wrestlers Protest: 'महिला पंचायत' को लेकर दिल्ली पुलिस सतर्क, सीमाओं को बैरिकेड्स से किया बंद
रविवार को नए संसद भवन के बाहर प्रदर्शनकारी पहलवानों द्वारा आयोजित 'महिला पंचायत' को रोकने के लिए दिल्ली की सीमाओं को पुलिस ने पत्थर के बैरिकेड्स से बंद कर दिया है।

Delhi Police Blocked Road: रविवार (28 मई) को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए संसद भवन का उद्घाटन करेंगे। जिसकी तैयारियां पूरी हो चुकी है। इधर, किसी तरह से भी आयोजन में अड़चन ना आए। इसके मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा-व्यवस्था भी मुस्तैद कर दी है। शनिवार रात को दिल्ली की सीमाएं पहलवानों और खाप पंचायतों के प्रदर्शन को देखते हुए सील कर दी गई।
दरअसल, भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ महिला पहलवानों का धरना प्रदर्शन एक महीने से भी ज्यादा के वक्त से जंतर-मंतर पर चल रहा है। इस धरने को खाप पंचायतों का भी समर्थन है। जिसके चलते उन्होंने 28 मई को नए संसद भवन के सामने महिला पंचायत का आह्वान किया है।
ऐसे में किसी भी विरोध प्रदर्शन या सभा को रोकने के लिए पुलिस ने दिल्ली की सभी सीमाओं को सील कर दिया है।रविवार को नए संसद भवन के बाहर प्रदर्शनकारी पहलवानों द्वारा आयोजित 'महिला पंचायत' के लिए किसानों और महिलाओं को राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने से रोकने के लिए दिल्ली की सीमाओं को पुलिस ने पत्थर के बैरिकेड्स से बंद कर दिया है।
इससे पहले दिल्ली कानून व्यवस्था के स्पेशल सीपी दीपेंद्र पाठक ने बताया कि जो कार्यक्रम है वह बिना किसी विघ्न और बाधा के पूरा हो, जिसके लिए हमने कानून व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। नए संसद भवन के आसपास दिल्ली पुलिस के करीब 70 पुलिसकर्मियों का स्टाफ तैनात किया गया है। एसीपी रैंक के अधिकारी सीसीटीवी से निगरानी कर रहे हैं। नए संसद भवन के आसपास 24 घंटे सुरक्षा तैनात रहेगी।
बता दें कि 'महिला पंचायत' के लिए किसी तरह की अनुमति नहीं दी गई है। 28 मई को जंतर-मंतर के आसपास के सभी रास्ते जो संसद की ओर जाते हैं बंद कर दिए हैं। इधर, हरियाणा तक पुलिस मुस्तैद है।
एसपी झज्जर अर्पित जैन ने बताया कि दिल्ली पुलिस के साथ हम समन्वय बनाए हुए हैं। हमारी कोशिश है कि कोई भी अराजक तत्व आकर कानून-व्यवस्था न बिगाड़ सकें। बॉर्डर सील करने के विषय पर हम जल्द निर्णय लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications