तिरंगा मार्च से पहले दीपके के घर पहुंची पुलिस, झंडा लेकर बोले- ‘फांसी पर चढ़ा दो’, क्या अब होगी गिरफ्तारी?

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित तिरंगा मार्च से पहले दिल्ली में हलचल तेज हो गई है। पार्टी फाउंडर अभिजीत दीपके के दिल्ली स्थित ठिकाने पर पुलिस पहुंची और उन्हें मार्च नहीं निकालने का नोटिस दिया। इस दौरान अभिजीत दीपके हाथ में छोटा तिरंगा लेकर पुलिस के सामने बैठे नजर आए। नोटिस पढ़ते हुए उन्होंने पुलिस से सवाल किए और चुनौती दी कि अगर उन्होंने हिंसा भड़काई है, तो उसका वीडियो दिखाया जाए।

दीपके ने 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में 'लेहरा दो तिरंगा' मार्च का ऐलान किया था। कार्यक्रम शाम 5 बजे प्रस्तावित है। लेकिन दिल्ली पुलिस ने साफ कर दिया है कि वहां प्रदर्शन की इजाजत नहीं है। ऐसे में सवाल है कि क्या दीपके मार्च निकालेंगे या पुलिस की कार्रवाई के बाद उन्हें भी हिरासत में लिया जा सकता है?

Abhijeet Dipke News CJP Tiranga March

दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके को थमाया नोटिस

मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस की टीम दीपके के पास नोटिस लेकर पहुंची। नोटिस में कहा गया कि कनॉट प्लेस में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू हैं। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) ने भी तिरंगा मार्च की अनुमति नहीं दी है। ऐसे में वहां मार्च निकालना आदेश का उल्लंघन होगा और कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

दीपके ने नोटिस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस उन पर आरोप लगा रही है कि उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को उकसाया। इस पर उन्होंने चुनौती दी कि पुलिस ऐसा कोई वीडियो दिखाए, जिसमें वह हिंसा भड़काते नजर आ रहे हों। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, "फांसी पर चढ़ा दो ना। क्या मजाक है ये?"

हाथ में तिरंगा लेकर पुलिस से भिड़े अभिजीत दीपके

सामने आए वीडियो में दीपके सफेद टी-शर्ट और नीली जींस पहने दिखाई देते हैं। उनकी टी-शर्ट पर महात्मा गांधी की तस्वीर छपी है और कंधों पर छोटा तिरंगा रखा है। वह पुलिसकर्मी के सामने बैठकर नोटिस के कागज पढ़ते और उस पर सवाल उठाते नजर आते हैं। कमरे में मौजूद पुलिसकर्मी इस पूरी बातचीत को रिकॉर्ड करते भी दिखाई देते हैं।

गुरुवार रात प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपके ने दावा किया था कि दिल्ली पुलिस और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के लोग उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियों से पीछा किए जाने का भी आरोप लगाया था। दीपके ने कहा था कि उन्हें आशंका है कि मार्च से पहले पुलिस उन्हें हिरासत में ले सकती है। इन आरोपों पर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

सौरभ दास और आशुतोष रांका पहले से हिरासत में

CJP के दो नेता सौरभ दास और आशुतोष रांका पहले ही न्यायिक हिरासत में हैं। दोनों जंतर-मंतर पर प्रदर्शन और तिरंगा फहराने की घटना के बाद पुलिस कार्रवाई की चपेट में आए थे। जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाए जाने के बाद दोनों वहां पहुंचे थे और नारेबाजी की थी।

अभिजीत दीपके अपने साथियों के खिलाफ हुई कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। CJP का कहना है कि उसका मार्च मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR में कथित गड़बड़ियों के विरोध से जुड़ा है।

सेंट्रल पार्क बंद, सुप्रीम कोर्ट से भी नहीं मिली तत्काल राहत

NDMC ने प्रशासनिक कारणों से 16 और 17 अक्टूबर को कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क बंद रखने का फैसला किया है। दिल्ली पुलिस ने भी प्रतिबंधों और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए लोगों से प्रस्तावित मार्च से दूर रहने को कहा है। पुलिस ने संकेत दिया है कि किसी उपयुक्त जगह पर सीमित संख्या में लोगों को तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान गाने की सुविधा दी जा सकती है। इलाके में बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है।

पार्क बंद करने के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी, लेकिन अदालत ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाला बागची की बेंच ने सभी पक्षों से समझदारी से काम लेने की अपील की। कोर्ट ने छोटे दुकानदारों की रोजी-रोटी पर पड़ने वाले असर का जिक्र भी किया। साथ ही कहा कि अगर दुकानदारों को नुकसान होता है, तो अदालत अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर सकती है।

क्या अभिजीत दीपके भी जाएंगे जेल?

फिलहाल दीपके को नोटिस दिए जाने की जानकारी है। केवल नोटिस मिलने से यह तय नहीं होता कि उनकी गिरफ्तारी होगी। आगे की कार्रवाई इस बात पर निर्भर करेगी कि वह प्रतिबंधों के बावजूद मार्च निकालते हैं या नहीं और पुलिस क्या कदम उठाती है। CJP के समर्थकों की नजर अब शाम के प्रस्तावित कार्यक्रम पर है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+