Delhi: मुहर्रम जुलूस के दौरान तांडव! नांगलोई में पथराव, सब इंस्पेक्टर पर चाकू से वार, FIR दर्ज
Delhi News: मुहर्रम के दिन हुए पथराव को लेकर पुलिस बल नांगलोई इलाके में तैनात है। पुलिस के मुताबिक, स्थिति सामान्य है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Delhi News: 29 जुलाई को मुस्लिम समुदाय ने मुहर्रम के दिन शहनाई की धुन पर आंसुओं का नजराना पेश किया। जगह-जगह 'ताजिया' जुलूस निकाले गए। इसी बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नांगलोई इलाका जंग का मैदान बन गया, जब पथराव की घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, मुहर्रम जुलूस के दौरान एक समूह को तय रास्ते से जाने से रोका गया। जिसके बाद हिंसा भड़क उठी। पत्थरबाजी शुरू हो गई। पुलिस को स्थिति को काबू में लाने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।
वहीं, रविवार को पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कीं। एफआईआर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 147, 148, 149, 151, 152, 153, 186, 323, 324, 332, 353, 307, 427 के तहत दर्ज की गई है। नांगलोई के थाना प्रभारी प्रभु दयाल के बयान पर आधारित प्राथमिकी में कहा गया है कि निर्धारित मार्ग से हटने पर पुलिस और शोक मनाने वालों के बीच झड़प हो गई। उन्होंने आगे कहा कि शोक मनाने वाले लोग सूरजमल स्टेडियम की ओर बढ़ने लगे, जहां उन्हें प्रवेश करने की अनुमति नहीं थी। हिंसक झड़प में सब इंस्पेक्टर पर चाकू से वार...

एफआईआर में आगे कहा गया है कि 'ताजिया' के छह या सात आयोजकों ने भीड़ को स्टेडियम की ओर जाने के लिए उकसाया। बयान के अनुसार, कुछ आयोजक चाकू, तलवार, लोहे की छड़ें, लाठियां जैसे हथियारों से लैस थे। पुलिस ने भीड़ को स्टेडियम की ओर जाने से रोकने की कोशिश की, जिसके बाद पथराव की घटना हुई। एफआईआर के मुताबिक, हिंसक घटना के दौरान भीड़ में से एक शख्स ने एक सब इंस्पेक्टर (SI) पर भी चाकू से हमला कर दिया।
10 पुलिसकर्मी घायल, पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त
पुलिस के मुताबिक, पथराव में करीब 10 कर्मियों को मामूली चोटें आईं और कुछ पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने बताया कि अब इलाके में स्थिति नियंत्रण में है। घटना के कुछ कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। जिसमें साफ नजर आ रहा है कि कुछ लोग पथराव करते हुए बसों और निजी कारों सहित सार्वजनिक वाहनों को नुकसान पहुंचाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
क्यों निकालते हैं ताजिया?
680 ईस्वी में कर्बला की लड़ाई में पैगंबर मुहम्मद के पोते इमाम हुसैन की शहादत की याद में मुसलमान मुहर्रम पर 'ताजिया' जुलूस निकालते हैं। 'ताजिया' इमाम हुसैन की कब्र की एक लघु प्रतिकृति है।












Click it and Unblock the Notifications