Delhi: 300 करोड़ का बिग-बैंग!दिल्ली की बदलेगी तस्वीर,CM रेखा गुप्ता बोलीं– विकास सिर्फ वादा नहीं, हकीकत बनेगा
Delhi News CM Rekha Gupta: दिल्ली की राजनीति में सोमवार (26 जनवरी) का दिन दक्षिण दिल्ली के लिए खास रहा, जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बदरपुर, संगम विहार और देवली विधानसभा क्षेत्रों में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का एक साथ शुभारंभ किया। मंच से सीएम का संदेश साफ था-यह सिर्फ बजट का आंकड़ा नहीं, बल्कि वर्षों से उपेक्षित इलाकों में बदलाव की ठोस शुरुआत है। सड़क से लेकर सीवर, पानी से लेकर पार्क और स्वास्थ्य सुविधाओं तक, सरकार ने एक साथ कई मोर्चों पर काम शुरू करने का दावा किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बदरपुर विधानसभा में करीब 85 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की नींव रखते हुए कहा कि यह इलाका लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रहा था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब बदरपुर को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक विधानसभा क्षेत्र बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

सीएम रेखा गुप्ता ने ओखला लैंडफिल का जिक्र करते हुए कहा कि इसे खत्म करने के लिए सरकार मिशन मोड में काम कर रही है और आने वाले समय में जनता खुद इस बदलाव को महसूस करेगी। उन्होंने साफ किया कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में पूरी होंगी और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।
संगम विहार में 115 करोड़, 'हमारी बारी कब' का जवाब
संगम विहार में 115 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं की शुरुआत करते हुए रेखा गुप्ता ने सीधे जनता की भावनाओं को छुआ। उन्होंने कहा कि वर्षों से यहां के लोग पूछते रहे-हमारी बारी कब आएगी। अब यह सवाल अतीत बन रहा है। सीएम ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि संगम विहार को टूटी सड़कें, ओवरफ्लो सीवर और अधूरे वादे मिले, लेकिन अब सरकार हर वादे को जमीन पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। नई सड़कों, मजबूत ड्रेनेज सिस्टम, बेहतर पेयजल व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट सुधार से लाखों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी आसान होगी।
देवली में 104 करोड़, बुनियादी सुविधाओं को मजबूती
देवली विधानसभा में 104 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत को मुख्यमंत्री ने विकसित दिल्ली की दिशा में बड़ा कदम बताया। यहां नई सड़कों का निर्माण, सीवर और ड्रेनेज नेटवर्क का विस्तार, पानी की पाइपलाइनों को मजबूत करना, पार्कों का सौंदर्यीकरण और स्वास्थ्य व सामुदायिक केंद्रों का निर्माण किया जाएगा। सीएम ने कहा कि देवली की जनता जिन सुविधाओं का सालों से इंतजार कर रही थी, अब वे योजनाएं कागज से निकलकर जमीन पर उतर रही हैं।
सिर्फ निर्माण नहीं, जिंदगी में बदलाव हमारा लक्ष्य
रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का मकसद सिर्फ इमारतें या सड़कें बनाना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाना है। दक्षिण दिल्ली को उपेक्षा से निकालकर विकास, स्वच्छता और आधुनिक सुविधाओं का आदर्श क्षेत्र बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह विकास अभियान आने वाले वर्षों में पूरे इलाके की पहचान बदल देगा।
सांसद का दावा - मोदी के सपने को मिल रही रफ्तार
कार्यक्रम में मौजूद सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिल्ली को विश्वस्तरीय राजधानी बनाने का सपना अब जमीन पर उतरता दिख रहा है। उन्होंने तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए 300 करोड़ रुपये की मंजूरी पर दक्षिण दिल्ली की जनता की ओर से मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। कुल मिलाकर, दक्षिण दिल्ली के लिए यह सिर्फ एक उद्घाटन कार्यक्रम नहीं, बल्कि उस बदलाव का संकेत है, जिसका इंतजार लोग बरसों से कर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications