Delhi New CM: दिल्ली को नया सीएम मिलने का इंतजार खत्म, 19 फरवरी शाम BJP विधायक दल की बैठक
Delhi New CM: दिल्ली विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) अब राजधानी को नया मुख्यमंत्री देने की तैयारी में है। 70 में से 48 सीटें जीतने के बाद पार्टी ने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है, लेकिन दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री का नाम अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
इस सस्पेंस से पर्दा उठाने के लिए 19 फरवरी को बीजेपी विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। सूत्रों के मुताबिक विधायक दल की बैठक 19 फरवरी की शाम 7 बजे होगी, जिसमें बीजेपी विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा।

Delhi New CM: बीजेपी बैठक में अंतिम फैसला
इस बैठक में केंद्रीय नेतृत्व के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रह सकते हैं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री पद के लिए कुछ प्रमुख नामों पर मंथन चल रहा है और अंतिम फैसला इसी बैठक में होगा। इधर, नए सीएम के शपथ कार्यक्रम की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं।
Delhi New CM: शपथ ग्रहण की तैयारियां जोरों पर
बीजेपी के विधायक दल के नेता का चुनाव होते ही शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां और तेज हो जाएंगी। जानकारी के मुताबिक दिल्ली के नए मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण कार्यक्रम 20 फरवरी को रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन भव्य होगा है, जिसमें कई केंद्रीय नेता और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं।
इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित 50 से अधिक वीआईपी मेहमान शामिल होंगे हालांकि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने अपनी गैर-मौजूदगी की वजह 'प्रगति यात्रा' को बताया है। उनके अलावा कई अन्य दिग्गज नेताओं के भी इस समारोह में शामिल होने की उम्मीद है।
BJP नेताओं की LG से मुलाकात
इससे पहले मंगलवार को दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) वीके सक्सेना से मिलने के लिए बीजेपी नेता तरुण चुघ, विनोद तावड़े और वीरेंद्र सचदेवा पहुंचे थे। यह मुलाकात सरकार गठन की प्रक्रिया को लेकर मानी जा रही है। दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है, और अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी राजधानी की कमान किस नेता को सौंपेगी। क्या यह चेहरा कोई अनुभवी नेता होगा या फिर बीजेपी किसी नए चेहरे को मौका देगी, इसका जवाब 19 फरवरी की शाम को मिल जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications