Delhi Rain Alert: दिल्ली-NCR में बारिश से मौसम हुआ सुहाना, लेकिन जलभराव और जाम ने किरकिरा किया मजा
Delhi Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह-सुबह हुई बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। बरसात के बाद ठंडी हवाओं ने मौसम को और सुहाना बना दिया। लेकिन, सुबह की बारिश से दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में जलभराव देखने को मिला, जिससे जगह जगह जाम की स्थिति बन गई। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। सुबह बारिश के बाद सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और ऑफिस जाने वालों को उठानी पड़ी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली और गुरुग्राम समेत कई इलाकों में शुक्रवार को सुबह-सुबह बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और यातायात जाम हो गया। जैसे ही लोग सुबह घरों से निकले तो सड़कों पर पानी नजर आया। जिस वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

कहां-कहां बनी जाम की स्थिति
बारिश के बाद जलजमाव की वजह से दिल्लीवासियों को जाम की स्थिति का सामना करना पड़ता है। दिल्ली एनसीआर में शुक्रवार को सुबह हुई बारिश के बाद आरके पुरम, मुनिरका, मोती बाग, चिराग दिल्ली, अरबिंदो मार्ग, नजफगढ़, गौर सिटी, ग्रेटर नोएडा वेस्ट समेत कई इलाकों में लंबा जाम लग गया। गुरुवार के दिन भी दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में बारिश हुई थी। दिल्ली-एनसीआर में जब-जब बारिश होती है, तब-तब जाम लगने से लोगों को लंबे जाम से होकर गुजरना पड़ता है।
रुक रुककर बारिश का दौर जारी
फिलहाल रुक रुककर बारिश का दौर जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने आज दिल्ली एनसीआर में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 7 से 9 सितंबर तक आसमान में बादल छाए रहने और तापमान में बढ़ोतरी के साथ हल्की बारिश की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
आगे कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ का पश्चिमी छोर दिल्ली के साउथ में स्थित है और उत्तरी पहाड़ों पर वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय है। जिस वजह से अगले 3 से 4 दिन मानसून सक्रिय रहेगा। दिल्ली और आसपास के इलाकों में शुक्रवार, शनिवार और रविवार को बारिश की संभावना है। इसके बाद मौसम शांत रहेगा। अगले हफ्ते बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक मानसून प्रणाली सक्रिय होगा। 12 और 13 सितंबर को मानसून ट्रफ एक बार फिर वापसी करेगी। जिसके बाद फिर बारिश का दौर शुरू होगा।












Click it and Unblock the Notifications