Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली में ठंड का सितम जारी! घने कोहरे को लेकर IMD का येलो अलर्ट, कब होगी बारिश?
Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली-NCR में ठंड कम होने का नाम नहीं ले रही है। जाती जनवरी में भी राजधानी और आसपास के इलाकों में सर्द हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिन के समय भी ठंडी हवा लगातार चल रही है, जिससे धूप निकलने के बावजूद ठिठुरन का एहसास बना हुआ है।
हवाओं की रफ्तार करीब 13 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार, 19 जनवरी को घने कोहरे की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट घोषित किया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में आसमान में बादल छाए रहे। दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं और धूप बेहद हल्की नजर आई। इसी वजह से दिन के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हो सकी। सुबह और देर शाम ठंड ज्यादा चुभती रही, जिससे लोगों को घर से निकलते समय गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। सड़कों पर भी कोहरे और ठंड का असर देखने को मिला।
Delhi fog Alert: आज बढ़ सकता है दिन का तापमान
दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए थोड़ी राहत की खबर यह है कि सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि रात का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज से तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर होगी, लेकिन सुबह और रात के समय घना कोहरा कई इलाकों में छाया रह सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 19 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। कोहरे के चलते दृश्यता काफी कम हो सकती है, जिससे सड़कों और हाइवे पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है।
23 जनवरी को बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 19 जनवरी से 22 जनवरी तक तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं देखने को मिलेगा। इस दौरान सर्दी से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड और कोहरा परेशान करता रहेगा। यानी आने वाले कुछ दिनों तक मौसम स्थिर बना रह सकता है।
हालांकि राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि 23 जनवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आ सकती है और ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है। स्काईमेट वेदर ने भी पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश का अनुमान जताया है।
लोगों को बरतनी होगी सावधानी
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को सलाह दी गई है कि वे सुबह और रात के समय बाहर निकलते वक्त सावधानी बरतें। कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय फॉग लाइट का इस्तेमाल करें और प्रदूषण से बचाव के लिए मास्क पहनें। आने वाले दिनों में मौसम के और बिगड़ने के आसार को देखते हुए सतर्क रहना जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications