Delhi-NCR Rain Forecast New Year Eve: IMD का अलर्ट! दिल्ली में बारिश से बिगड़ सकता है न्यू ईयर का सेलिब्रशन
Delhi-NCR Rain Forecast on New Year Eve: नए साल 2026 के स्वागत की तैयारियों के बीच मौसम ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक, 31 दिसंबर की रात से 1 जनवरी तक दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में बे-मौसम बारिश हो सकती है।
ऐसे में नए साल के जश्न पर मौसम का खलल पड़ने की आशंका है। खुले में जश्न मनाने की योजना बना रहे लोगों के लिए यह खबर झटका साबित हो सकती है।

दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बारिश का अनुमान
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 31 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। खासतौर पर दिल्ली-एनसीआर में नए साल की पूर्व संध्या पर बादल छाए रहने और देर रात बूंदाबांदी की आशंका जताई गई है। इससे न्यू ईयर पार्टी, आउटडोर इवेंट्स और ट्रैवल प्लान प्रभावित हो सकते हैं।
अचानक क्यों बदला मौसम?
लोगों के मन में सवाल है कि अचानक बारिश का पूर्वानुमान क्यों जारी किया गया। दरअसल, इसके पीछे एक नया और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) जिम्मेदार है। मौसम विभाग जयपुर के मुताबिक, राजस्थान में यह पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 31 दिसंबर और 1 जनवरी तक बने रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि इस सिस्टम के प्रभाव से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी और उत्तरी राजस्थान में बारिश हो सकती है। बीकानेर और शेखावाटी संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या 'मावठ' का असर अभी से देखने को मिल रहा है। IMD ने जानकारी दी है कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो रहा है। इसके चलते 31 दिसंबर की शाम से दिल्ली-एनसीआर में हल्के बादल छाने लगेंगे, जो 1 जनवरी तक बने रह सकते हैं। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे नए साल के जश्न में खलल पड़ सकता है।
दिल्ली को प्रदूषण से मिलेगी राहत?
दिल्ली-एनसीआर में इस समय प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच चुका है। बीते कुछ दिनों से एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया है। कोहरे और शीत लहर के साथ मिलकर प्रदूषण ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश से हवा में मौजूद प्रदूषित कण धुल सकते हैं, जिससे कुछ समय के लिए एयर क्वालिटी में सुधार हो सकता है। हालांकि यह राहत स्थायी नहीं होगी और बारिश रुकने के बाद हालात दोबारा बिगड़ सकते हैं।
साल के अंत और नए साल की शुरुआत में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, इस मौसमी बदलाव का सबसे ज्यादा असर उत्तर और पश्चिमी राजस्थान में देखने को मिलेगा। जहां साल के अंत में बारिश की संभावना है, वहीं जनवरी के पहले हफ्ते में मौसम फिर करवट ले सकता है। इन इलाकों में घना कोहरा छाने के आसार हैं, जिससे सुबह के समय विजिबिलिटी कम हो सकती है। IMD ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर यात्रा करने वालों और नए साल के जश्न के दौरान देर रात बाहर निकलने वालों को मौसम को ध्यान में रखकर योजना बनाने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications